देहरादून/हल्द्वानी
नैनीताल जिले की बेटी शिवानी नेगी ने भारतीय सेना में कैप्टन का पद हासिल कर क्षेत्र और परिवार का नाम रोशन किया है। हल्द्वानी निवासी नवीन सिंह नेगी की पुत्री शिवानी नेगी ने 18 सितंबर 2026 को भारतीय सेना की दक्षिणी कमांड, पुणे में कैप्टन के पद पर पदोन्नति प्राप्त की।
बताते चलें कि शिवानी नेगी ने 17 सितंबर 2024 को भारतीय सेना में कमीशन प्राप्त किया था और इसके बाद से दक्षिणी कमांड, पुणे में देश सेवा कर रही हैं। शिवानी के परिवार की भी सेना से जुड़ी गौरवशाली पृष्ठभूमि रही है। उनके चाचा भारतीय सेना में मेजर के पद से सेवानिवृत्त हो चुके हैं।

सेना और देशसेवा की विरासत वाले परिवार से आने वाली शिवानी नेगी की इस उपलब्धि से क्षेत्र में खुशी और गर्व का माहौल है। उनकी पदोन्नति पर परिजनों, शुभचिंतकों और क्षेत्रवासियों ने उन्हें बधाई देते हुए उज्ज्वल सैन्य सेवा के लिए शुभकामनाएं दी।