देहरादून
‘सेवा संकल्प अभियान’ के अंतर्गत जनपद देहरादून में 21 सितंबर 2026 को विशाल बहुउद्देशीय एवं चिकित्सा शिविर का आयोजन किया जा रहा है। संयुक्त मजिस्ट्रेट मसूरी राहुल आनंद ने अवगत कराया कि शिविर दीपक पुंडीर स्मृति सामुदायिक भवन, पुरकुल गांव में प्रातः 10 बजे से आयोजित होगा।
संयुक्त मजिस्ट्रेट ने बताया कि उत्तराखंड राज्य में 17 सितंबर से 18 अक्टूबर 2026 तक संचालित किए जा रहे विशेष ‘सेवा संकल्प अभियान’ का उद्देश्य आमजन को एक ही स्थान पर स्वास्थ्य सुविधाओं के साथ विभिन्न सरकारी योजनाओं एवं प्रशासनिक सेवाओं का लाभ उपलब्ध कराना है। अभियान के दौरान सरकारी विद्यालयों, नगर निगम, नगर पालिका, अस्पतालों तथा अन्य सार्वजनिक स्थलों पर स्वच्छता अभियान भी संचालित किए जा रहे हैं।
21 सितंबर को आयोजित होने वाले मुख्य शिविर में स्थानीय नागरिकों को निःशुल्क चिकित्सा परामर्श एवं स्वास्थ्य जांच की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। इसके साथ ही विभिन्न विभागों द्वारा संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी, पात्र लाभार्थियों को योजनाओं से जोड़ने तथा प्रशासनिक सेवाओं से संबंधित सुविधाएं भी उपलब्ध कराई जाएंगी।
शिविर में माननीय प्रभारी मंत्री, माननीय सांसदगण, माननीय विधायकगण एवं क्षेत्र के अन्य जनप्रतिनिधियों की गरिमामय उपस्थिति रहेगी।
संयुक्त मजिस्ट्रेट ने क्षेत्रवासियों से अपील की कि वे इस महत्वपूर्ण शिविर में अधिक से अधिक संख्या में प्रतिभाग करें तथा उपलब्ध निःशुल्क स्वास्थ्य सेवाओं, जनकल्याणकारी योजनाओं एवं प्रशासनिक सुविधाओं का लाभ उठाएं।