सीएम धामी ने सारकोट की नव-निर्वाचित सबसे युवा प्रधान बनने पर प्रियंका नेगी को किया फोन,दी बधाई, गांव को आदर्श ग्राम बनाने की घोषणा भी की

देहरादून/चमोली

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने चमोली जिले की सारकोट ग्राम पंचायत की 21 वर्षीय नव-निर्वाचित प्रधान प्रियंका नेगी को फोन करके बधाई दी है।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रियंका नेगी जैसी पढ़ी-लिखी युवा महिला को ग्रामीणों द्वारा प्रधान चुना जाना गर्व की बात है और यह ग्रामीणों की दूरदर्शिता का प्रतीक है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार सारकोट को आदर्श ग्राम के रूप में विकसित कर रही है और जल्द ही सभी जिलों में इसी तर्ज पर आदर्श ग्राम बनाए जाएंगे। इसके लिए प्रदेश के सभी मुख्य विकास अधिकारियों (सीडीओ) सारकोट का अध्ययन करने के लिए दौरा करेंगे।

मुख्यमंत्री ने प्रियंका नेगी से बातचीत के दौरान कहा कि गांव में कृषि, पशुपालन और महिला स्वरोजगार के सभी कार्यों को तेजी से आगे बढ़ाया जाएगा। उन्होंने प्रियंका को देहरादून आने का आमंत्रण भी दिया, ताकि गांव के समग्र विकास पर विस्तार से चर्चा की जा सके।

प्रियंका नेगी ने मुख्यमंत्री और सरकार का आभार जताते हुए कहा कि सरकार के सहयोग से गांव में अब सभी जरूरी जनसुविधाएं उपलब्ध हो चुकी हैं और कई विकास कार्य पूरे हो चुके हैं। उन्होंने विश्वास दिलाया कि वे सरकार के साथ मिलकर सारकोट के विकास को और गति देंगी।

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि इस बार के पंचायत चुनावों में कई युवा और शिक्षित प्रतिनिधियों का चयन हुआ है, जो त्रिस्तरीय पंचायत व्यवस्था के लिए एक सकारात्मक संकेत है। सरकार इन सभी नव-निर्वाचित प्रतिनिधियों को हरसंभव सहयोग देगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *