देहरादून/ऋषिकेश
रविवार 5 जुलाई को जिला कंट्रोल रूम टिहरी से राज्य आपदा प्रतिवादन बल (SDRF) को सूचना प्राप्त हुई कि थाना लक्ष्मणझूला जनपद टिहरी गढ़वाल क्षेत्र के अंतर्गत गुलर स्थित सिरासू पुल के समीप मेरठ (उत्तर प्रदेश) से आए पांच युवक गंगा नदी में स्नान कर रहे थे।
इसी दौरान एक युवक तेज बहाव की चपेट में आकर डूब गया।
सूचना मिलते ही SDRF डीप डाइविंग टीम, ढालवाला तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना हुई। मौके पर पहुंचकर टीम ने थाना लक्ष्मणझूला पुलिस के साथ संयुक्त रूप से सर्च अभियान प्रारंभ किया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार युवक अपने चार साथियों के साथ गंगा में स्नान कर रहा था। इसी दौरान संतुलन बिगड़ने से वह तेज बहाव में बह गया और डूब गया।
गंगा नदी का जलस्तर सामान्य से अधिक होने के बावजूद SDRF की डीप डाइविंग टीम ने विशेष डीप डाइविंग उपकरणों एवं कांटों की सहायता से संभावित स्थानों पर गहन खोजबीन की। हालांकि, देर शाम तक युवक का कोई सुराग नहीं मिल सका। कल सोमवार को प्रातः SDRF टीम द्वारा पुनः सर्च अभियान चलाया जाएगा।
डूबे युवक की पहचान सार्थक पुत्र विनोद कुमार (23 वर्ष), निवासी खाकर खेड़ा बाईपास, मेरठ (उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई है।