देहरादून
भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) द्वारा एल-नीनो परिस्थितियों के कारण सामान्य से अधिक तापमान रहने की संभावना व्यक्त की गई है।
इस संबंध में केन्द्रीय विद्युत प्राधिकरण (CEA) द्वारा विद्युत उपभोक्ताओं एवं वितरण कंपनियों के लिए सुरक्षित एवं विवेकपूर्ण विद्युत उपयोग संबंधी परामर्श जारी किया गया है। परामर्श में अत्यधिक गर्मी के दौरान एयर कंडीशनर, कूलिंग उपकरणों तथा अन्य विद्युत भारों के बढ़ते उपयोग से विद्युत तंत्र पर अतिरिक्त दबाव, ओवरलोडिंग एवं ग्रिड अस्थिरता की संभावनाओं के प्रति सावधानी बरतने की आवश्यकता बताई गई है।
इसी क्रम में सचिव (ऊर्जा), विद्युत मंत्रालय, भारत सरकार की अध्यक्षता में केन्द्रीय विद्युत प्राधिकरण (CEA) द्वारा आयोजित बैठक में एल-नीनो के संभावित प्रभावो तथा डिस्कॉम स्तर पर की जाने वाली तैयारियों के विभिन्न पहलुओं पर विस्तृत प्रस्तुतीकरण दिया गया। बैठक में उत्तराखण्ड पावर कॉर्पोरेशन लिमिटेड (UPCL) के प्रबंध निदेशक पी.सी. ध्यानी सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारियों ने प्रतिभाग किया।
बैठक के उपरांत प्रबंध निदेशक ध्यानी ने विषय का तत्काल संज्ञान लेते हुए विद्युत सुरक्षा, उपभोक्ता हितों तथा निर्बाध विद्युत आपूर्ति की दृष्टि से स्थिति की समीक्षा की। उन्होंने उपभोक्ताओं की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए विद्युत तंत्र की सतत निगरानी, त्वरित शिकायत निस्तारण तथा संभावित आपात परिस्थितियों के लिए पूर्ण तैयारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही उत्तराखण्ड में बदलते मौसम, भारी वर्षा एवं आंधी-तूफान की संभावनाओं को दृष्टिगत रखते हुए आवश्यक तैयारियां दुरुस्त एवं अद्यतन रखने पर विशेष बल दिया।
यूपीसीएल द्वारा सभी क्षेत्रों में विद्युत लाइनों, फीडरों, वितरण ट्रांसफार्मरों एवं अन्य महत्वपूर्ण उपकरणों का निरीक्षण तथा आवश्यक अनुरक्षण कार्य प्राथमिकता के आधार पर सुनिश्चित किया जा रहा है। साथ ही विद्युत लाइनों के समीप स्थित पेड़ों की शाखाओं की समयबद्ध छटाई, संवेदनशील क्षेत्रों की पहचान, त्वरित प्रतिक्रिया दल (Quick Response Team) की उपलब्धता तथा आवश्यक सामग्री एवं उपकरणों का पर्याप्त भंडारण सुनिश्चित किया गया है, ताकि किसी भी आकस्मिक परिस्थिति में विद्युत आपूर्ति की शीघ्र बहाली की जा सके।
प्रबंध निदेशक ध्यानी ने सभी अधिकारियों को जिला प्रशासन, राज्य आपदा प्रबंधन विभाग, पुलिस, SDRF तथा अन्य संबंधित विभागों के साथ समन्वय बनाए रखने के निर्देश भी दिए है, जिससे किसी भी आपदा अथवा विद्युत आपूर्ति बाधित होने की स्थिति में राहत एवं पुनर्सथापन कार्यों में विलंब न हो।
यूपीसीएल ने उपभोक्ताओं से भी विद्युत सुरक्षा के प्रति विशेष सतर्कता बरतने की अपील की है। उपभोक्ता अपने स्वीकृत भार की सीमा का पालन करें तथा आवश्यकता पड़ने पर अतिरिक्त भार की सूचना संबंधित कार्यालय को दें। घरों एवं प्रतिष्ठानों की आंतरिक वायरिंग की समय-समय पर जांच कराएं तथा एयर कंडीशनर एवं अन्य विद्युत उपकरणों का नियमित अनुरक्षण कराएं। अनावश्यक विद्युत भार का उपयोग न करे तथा ऊर्जा दक्षता के लिए एयर कंडीशनर का तापमान लगभग 24°C पर रखने का प्रयास करें।
यूपीसीएल ने आम जनता से अपील की है कि सभावित प्रतिकूल मौसम परिस्थितियों के दौरान विद्युत सुरक्षा संबंधी सावधानियों का पालन करें तथा किसी भी विद्युत सबंधी समस्या की सूचना तत्काल संबंधित कार्यालय अथवा यूपीसीएल हेल्पलाइन नंबर ‘1912’ पर दर्ज कराएं। निगम उपभोक्ताओं की सुरक्षा एवं निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए पूर्ण रूप से प्रतिबद्ध है।