देहरादून/नई दिल्ली
ड्रग्स कंट्रोल ऑफिसर्स (इंडिया) वेलफेयर एसोसिएशन (DCOIWA) की तीसरी केंद्रीय कार्यकारिणी समिति (Central Executive Committee) की बैठक शनिवार को राष्ट्रीय अध्यक्ष जी. कोटेश्वर राव के नेतृत्व में आयोजित की गई।
बैठक में देश के विभिन्न राज्यों एवं केंद्र शासित प्रदेशों से केंद्रीय कार्यकारिणी समिति के सदस्य सक्रिय रूप से भाग लिया। इस दौरान संगठन से जुड़े अनेक महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत विचार-विमर्श किया गया। इनमें प्रमुख रूप से राष्ट्रीय महासचिव की रिपोर्ट, लेखा-परीक्षित (ऑडिटेड) वित्तीय प्रतिवेदन, एसोसिएशन की भावी कार्ययोजना, DCOIWA को और अधिक सशक्त बनाने की रणनीति, तथा पांचवें वार्षिक अधिवेशन (Annual Congress) की तैयारियों से संबंधित विषय प्रमुख रहे।
बैठक में संगठन के विस्तार, ड्रग रेगुलेटरी अधिकारियों के हितों के संरक्षण, पेशेवर उत्कृष्टता को बढ़ावा देने, सदस्य कल्याण सुनिश्चित करने तथा राष्ट्रीय एकता और संगठनात्मक मजबूती को और सुदृढ़ करने के संकल्प को दोहराया गया।
इस अवसर पर अपने क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य कर रहे लोगों को एसोसिएशन की ओर से विशेष रूप से सम्मानित किया गया।
जिसमें खाद्य संरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग, उत्तराखण्ड के अपर आयुक्त ताजबर सिंह जग्गी को विभागीय कार्यों में उत्कृष्ट प्रदर्शन और प्रभावी नेतृत्व के लिए Best Drug Controller of india राष्ट्रीय पुरस्कार से सम्मानित किया गया है।
बताया गया कि ताजबर सिंह जग्गी के नेतृत्व में उत्तराखण्ड FDA लगातार सक्रियता के साथ जनस्वास्थ्य की सुरक्षा के लिए कार्य कर रहा है। खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने, मिलावटखोरी के खिलाफ कार्रवाई, खाद्य प्रतिष्ठानों के निरीक्षण, नमूना संग्रह और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कदम उठाने की दिशा में विभाग ने अपनी सक्रियता बढ़ाई है।
ताजबर सिंह जग्गी की कार्यशैली में सख्ती के साथ बेहतर समन्वय और परिणाम आधारित कार्यप्रणाली देखने को मिली है। उनके नेतृत्व में विभाग ने प्रवर्तन की कार्रवाई के साथ जनजागरूकता अभियानों को भी प्राथमिकता दी है, ताकि आम लोगों को सुरक्षित खाद्य पदार्थ और गुणवत्तापूर्ण औषधियां उपलब्ध हो सकें।
राष्ट्रीय स्तर पर Best Drug Controller of india का मिला यह सम्मान उत्तराखण्ड FDA की निरंतर मेहनत और बेहतर कार्यप्रणाली की महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है। ताजबर सिंह जग्गी को राष्ट्रीय पुरस्कार मिलने पर विभागीय अधिकारियों, कर्मचारियों और शुभचिंतकों ने उन्हें बधाई देते हुए इसे उत्तराखण्ड के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि बताया है।
बैठक में उपस्थित सभी सदस्यों ने एकजुट होकर संगठन को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने और देशभर के ड्रग रेगुलेटरी अधिकारियों के हितों के लिए निरंतर कार्य करने की प्रतिबद्धता व्यक्त की गई।