बुधवार को बड़कोट स्थित सिल्क्यारा टनल में रात 2 बजे टनल के अंदर कंक्रीट लाइनिंग का एक ब्लॉक टूटकर गिरने से एक श्रमिक की मृत्यु हो गई, जिला प्रशासन ने NHIDCL के अधिकारियों संग किया मौका मुआयना

देहरादून/उत्तरकाशी

बृहस्पतिवार की प्रातः प्राप्त प्रारंभिक सूचना के अनुसार, सिल्क्यारा टनल में रात्रि लगभग 2 बजे एक दुर्घटना में बड़कोट साइड से लगभग 900 मीटर अंदर टनल की कंक्रीट (शॉटक्रीट) लाइनिंग का एक ब्लॉक टूटकर गिर गया, जिसकी चपेट में आने से झारखंड निवासी 21 वर्षीय एक श्रमिक की मृत्यु हो गई।

कार्मिक की मृत्यु की सूचना मिलते ही जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर है। मामले का संज्ञान लेते हुए जिलाधिकारी प्रशांत आर्य ने घटना की गंभीरता को देखते हुए उपजिलाधिकारी बड़कोट को तत्काल घटनास्थल पर पहुंचने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने निर्देशित किया कि वे मौके पर जाकर स्थिति का विस्तृत जायजा लें, हादसे के वास्तविक कारणों का पता लगाएं और कार्यदायी संस्था के सुरक्षा मानकों की गहनता से जांच करें।

जिलाधिकारी प्रशांत आर्य के इन निर्देशों के क्रम में उपजिलाधिकारी (बड़कोट) बृजेश तिवारी ने सिल्क्यारा टनल घटना का मौके पर पहुंचकर जायजा लिया। एसडीएम ने मौके पर एनएचआईडीसीएल (NHIDCL) के अधिकारियों, उपस्थित कार्मिकों एवं श्रमिकों से सीधे बातचीत की। प्रशासन द्वारा मौके पर पहुंचकर घटना के कारण और इसके संबंध में अन्य जानकारी जुटाई जा रही।

इसके साथ ही जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया है कि पीड़ित परिवार को हरसंभव सहायता पहुंचाने व अन्य विधिक प्रक्रिया पूरी करने तथा टनल के भीतर अन्य श्रमिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए सभी आवश्यक व वैधानिक कदम तुरंत उठाए जाएंगे।

इस दौरान पुलिस निरीक्षक सुभाष चंद्र सहित अन्य अधिकारी मौके पर उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *