देहरादून
नर्सिंग एकता मंच बैनर तले नर्सिंग अभ्यर्थी पिछले करीब आठ माह से वर्षवार भर्ती सहित विभिन्न मांगों को लेकर एकता विहार धरना स्थल पर आंदोलन कर रहे हैं। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि सरकार के साथ कई दौर की वार्ता हुई, लेकिन अब तक कोई ठोस निर्णय नहीं लिया गया।
बुधवार को अभ्यर्थी स्वास्थ्य मंत्री के सरकारी आवास का घेराव करने पहुंचे। आरोप है कि मांगों पर सहमति नहीं बनने के बाद प्रदर्शनकारियों में आक्रोश बढ़ गया और इसी दौरान चार महिला अभ्यर्थियों ने फिनाइल पी लिया।
नर्सिंग एकता मंच का कहना है कि प्रदेश में नर्सिंग अधिकारियों के हजारों पद रिक्त हैं, लेकिन नियमित रूप से वर्षवार भर्ती नहीं कराई जा रही है। मंच का आरोप है कि वर्ष 2020 में शुरू हुई भर्ती प्रक्रिया भी अब तक पूरी नहीं हो सकी है।
प्रदर्शनकारी यह भी दावा कर रहे हैं कि भर्ती प्रक्रिया में वरिष्ठता और चयन को लेकर असमानता बरती गई है, जिससे कई अभ्यर्थी लंबे समय से नियुक्ति की प्रतीक्षा कर रहे हैं।