खौफनाक..जंगल में घास लेने पहुंची देवरानी-जेठानी पर भालू के हमला,एक की खाई में गिरने से मौत,दूसरी की अस्पताल में उपचार के दौरान मौत के आगोश में

देहरादून/चमोली

उत्तराखंड के सीमांत जनपद चमोली में पोखरी विकासखंड के नैल गांव में भालू के हमले से देवरानी-जेठानी की मौत से हादसे के बाद गांव में दहशत का माहौल है।

विकासखंड के ग्रामीणों ने वन विभाग से भालू के आतंक से निजात दिलाने और मृतकों के परिजनों को उचित मुआवजा देने की मांग की है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, लक्ष्मी देवी (42) और विमला देवी (55) मंगलवार सुबह करीब आठ बजे घास लेने जंगल की ओर गई थीं। घर से लगभग 200 मीटर की दूरी पर पहुंचते ही भालू ने दोनों महिलाओं पर हमला कर दिया।

भालू के हमले से बचने के दौरान दोनों महिलाएं खड़ी चट्टान से नीचे गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गईं। घटना की जानकारी मिलते ही ग्रामीण मौके पर पहुंचे और दोनों को उपचार के लिए सीएचसी पोखरी ले गए।

अस्पताल में चिकित्सकों ने विमला देवी को मृत घोषित कर दिया। वहीं गंभीर रूप से घायल लक्ष्मी देवी को हायर सेंटर रेफर किया गया। श्रीनगर के पास उपचार के लिए ले जाते समय लक्ष्मी देवी ने भी दम तोड़ दिया।

घटना की सूचना मिलने के बाद वन विभाग की टीम गांव पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। ग्रामीणों में घटना को लेकर भारी आक्रोश और भय है।

ग्रामीणों ने वन विभाग और प्रशासन से भालू को पकड़ने के लिए प्रभावी कार्रवाई, गांव में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाने और मृतकों के परिजनों को उचित मुआवजा देने की मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *