देहरादून/गैरसैंण
उत्तराखंड राज्य स्थापना की 26वीं वर्षगांठ पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने ग्रीष्मकालीन राजधानी भराड़ीसैण में आयोजित समारोह में 13 घोषणाएं कर विभिन्न वर्गों को सौगात दी। उन्होंने राज्य आंदोलनकारियों के संघर्ष, त्याग और बलिदान को नमन करते हुए आत्मनिर्भर उत्तराखंड बनाने का संकल्प दोहराया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में सरकार उत्तराखंड को देश का अग्रणी राज्य बनाने की दिशा में काम कर रही है। पिछले पांच वर्षों में 35 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरियां दी गई हैं। तीन लाख से अधिक महिलाएं लखपति दीदी बन चुकी हैं। राज्य की अर्थव्यवस्था 2.55 लाख करोड़ से बढ़कर 3.82 लाख करोड़ रुपये हो गई है।

सीएम की घोषणाओं में आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों व सहायिकाओं, आशा कार्यकत्रियों और भोजन माताओं के मानदेय में एक दिसंबर 2026 से वृद्धि की जाएगी। अतिथि शिक्षकों के मानदेय में भी शीघ्र बढ़ोतरी होगी। लखपति दीदियों को व्यवसाय विस्तार और नए स्वरोजगार के लिए दो किस्तों में प्रोत्साहन राशि दी जाएगी। वन्यजीवों के हमले में घायल लोगों को प्लास्टिक सर्जरी जैसे महंगे उपचार के लिए मौजूदा सहायता के अतिरिक्त आर्थिक मदद मिलेगी।
प्रत्येक जनपद में जिला मुख्यालय से अलग नगरपालिका क्षेत्रों में दो-दो आधुनिक डिजिटल लाइब्रेरी व वाचनालय स्थापित किए जाएंगे। अन्य माध्यमों से बिजली प्राप्त करने वाले सभी राजस्व गांवों को पावर ग्रिड से जोड़ा जाएगा। निवेश के इच्छुक प्रवासियों के लिए भूमि खरीद प्रक्रिया सरल की जाएगी। बुजुर्गों, दिव्यांगजनों और दूरस्थ क्षेत्रों के नागरिकों को घर बैठे सरकारी सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए अपुणि सरकार पोर्टल को प्रत्येक जनपद में अधिक सरल और प्रभावी बनाया जाएगा। छोटे किसानों व बिजली उपभोक्ताओं के विलंबित बिजली बिल भुगतान पर लगने वाला सरचार्ज माफ किया जाएगा।

लोकसंस्कृति और लोकभाषाओं के संरक्षण में योगदान के लिए स्वर्गीय गोपाल बाबू गोस्वामी व स्वर्गीय चंद्र सिंह राही को उत्तराखंड गौरव सम्मान प्रदान किया जाएगा। राज्य आंदोलनकारियों की समस्याओं के समाधान के लिए कैबिनेट समिति गठित होगी। समिति चिह्नीकरण नियमों में छूट, दोहरी पेंशन और आश्रितों को प्रमाणपत्र देने जैसे विषयों पर संस्तुति देगी। वर्ष 2013-14 में नियुक्त आंदोलनकारियों के अधिनियम के दायरे में आने वाले मामलों पर सकारात्मक कार्रवाई की जाएगी शामिल थे।
समारोह में मुख्यमंत्री ने राज्य आंदोलनकारियों, गोपाल बाबू गोस्वामी के परिजनों और खेल प्रतिभाओं आरुषि नेगी, महक रावत और हर्षवर्धन बिष्ट को सम्मानित किया। उन्होंने परेड का निरीक्षण कर सलामी भी ली।
कार्यक्रम में यह रहे मौजूद जनपद चमोली प्रभारी मंत्री भरत सिंह चौधरी, कर्णप्रयाग विधायक अनिल नौटियाल, थराली विधायक भूपाल राम टम्टा, दायित्वधारी रामचन्द्र गौड़, प्रेम सिंह राणा, हरक सिंह नेगी, बलबीर घुनियाल, गैरसैंण नगर पंचायत अध्यक्ष मोहन भंडारी, जिला सहकारी बैंक अध्यक्ष गजेन्द्र सिंह रावत, ब्लॉक प्रमुख दुर्गा देवी, अरुण मैठाणी, विनोद कनवासी, विनोद नेगी, सुरेन्द्र सिंह नेगी, डीएम गौरव कुमार, एसपी सुरजीत सिंह पंवार, सीडीओ डॉ. अभिषेक त्रिपाठी आदि मौजूद रहे।