दून में बेटे की दीवाली की रात को रहस्यमयी मौत से सदमे में परिवार, दोस्तों पर लगाया परिजनों ने हत्या का आरोप – Indian Today 24×7

दून में बेटे की दीवाली की रात को रहस्यमयी मौत से सदमे में परिवार, दोस्तों पर लगाया परिजनों ने हत्या का आरोप

देहरादून

प्रदेश की राजधानी देहरादून में दीपावली के त्योहारों के बीच एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामले में युवक का शव मोर्चरी में मिलने के बाद परिवार में कोहराम मच गया। मृतक के पिता ने बेटे के दोस्तों पर उसकी हत्या करने का गंभीर आरोप लगा पुलिस से न्याय की गुहार लगाई है। पिता का कहना है कि उनके बेटे के शरीर पर चोटों के साथ चाकू से वार किए जाने के निशान भी मौजूद हैं।

पुलिस से प्राप्त जानकारी के मुताबिक थाना डालनवाला क्षेत्र निवासी नदीम अन्सारी पुत्र अर्श अन्सारी की मौत के मामले में पुलिस को तहरीर दी गई है।

वादी नदीम अन्सारी निवासी E-43, केवल विहार, सहस्त्रधारा रोड, देहरादून ने पुलिस को बताया कि दिनांक 8 नवंबर 2026 को उनके बेटे अर्श अन्सारी के दोस्त श्रेयस ममगाईं निवासी नेहरू कॉलोनी, देहरादून ने दिवाली मनाने के लिए अर्श को अपने घर बुलाया था। परिजनों के अनुसार, रात में जब अर्श के संबंध में फोन कर जानकारी ली गई तो बताया गया कि अर्श सुबह घर आ जाएगा। लेकिन अगली सुबह परिवार को एक ऐसा फोन आया, जिसने उनकी दुनिया उजाड़ दी। आरोप है कि श्रेयस की माता ने फोन कर बताया कि उनका बेटा मोर्चरी में मृत अवस्था में पड़ा हुआ है।

सूचना मिलते ही परिजन मोर्चरी पहुंचे। वहां बेटे का शव देखकर परिवार के पैरों तले जमीन खिसक गई। पिता नदीम अन्सारी का आरोप है कि उनके बेटे के शरीर पर चोटों के निशान थे और शरीर पर चाकू से वार किए जाने के निशान भी पाए गए। इसके बाद उन्होंने श्रेयस और उसके दोस्तों पर बेटे की हत्या किए जाने का आरोप लगाते हुए कोतवाली डालनवाला में लिखित शिकायत दी।

पिता की तहरीर के आधार पर थाना डालनवाला में मु0अ0सं0 189/2026, धारा 103 (1) भारतीय न्याय संहिता (BNS) के तहत अभियोग पंजीकृत किया गया है। पुलिस का कहना है कि मामले में अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

बेटे की मौत से गमजदा पिता नदीम अन्सारी ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराए जाने और बेटे की मौत के लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। पिता का आरोप है कि उनके बेटे की हत्या की गई है और वह चाहते हैं कि पुलिस मामले की गहराई से जांच कर सच्चाई सामने लाए तथा दोषियों को कड़ी सजा दिलाए। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है। युवक की मौत के पीछे की वास्तविक वजह और घटना में कथित रूप से शामिल लोगों की भूमिका जांच के बाद ही स्पष्ट हो पाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *