दीदी-वैणी योजना राज्य की महिलाओं को कर रही गुमराह,केवल चुनिंदा नहीं प्रदेश की सभी महिलाओं को मिले ₹10 हजार की सम्मान राशि… कांग्रेस – Indian Today 24×7

दीदी-वैणी योजना राज्य की महिलाओं को कर रही गुमराह,केवल चुनिंदा नहीं प्रदेश की सभी महिलाओं को मिले ₹10 हजार की सम्मान राशि… कांग्रेस

देहरादून

प्रदेश कांग्रेस कमेटी कार्यालय में आज एक संयुक्त पत्रकार वार्ता का आयोजन किया गया।

वार्ता को प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल, पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत, प्रदेश चुनाव अभियान समिति के अध्यक्ष प्रीतम सिंह, प्रदेश चुनाव प्रबन्धन समिति के अध्यक्ष डॉ.हरक सिंह रावत ने संयुक्त रूप से संबोधित किया।

पत्रकार वार्ता को संबोधित करते हुए प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने भाजपा सरकार द्वारा आगामी विधानसभा चुनावों को दृष्टिगत रखते हुए घोषित दीदी-वैणी योजना पर सवाल खड़े करते हुए कहा कि भाजपा सरकार महिलाओं के सम्मान और आर्थिक सशक्तीकरण के नाम पर केवल चुनावी लाभ लेने का प्रयास कर रही है। सरकार ने इस योजना के तहत महिलाओं के खातों में चुनाव से पहले ₹10-10 हजार तथा चुनाव के बाद ₹10-10 हजार की धनराशि डालने की घोषणा की है।

कांग्रेस पार्टी का मानना है कि यह घोषणा महिलाओं के प्रति भाजपा सरकार की वास्तविक प्रतिबद्धता नहीं, बल्कि सत्ता बचाने की हताश कोशिश का प्रमाण है। उन्होंने कहा कि प्रदेश के ग्राम्य विकास मंत्री भरत चौधरी द्वारा इस योजना को चुनाव में गेम चेंजर बताना भाजपा सरकार की मंशा को स्वयं उजागर करता है। मंत्री के इस बयान से स्पष्ट है कि भाजपा सरकार भी यह मानकर चल रही है कि आगामी विधानसभा चुनाव में उसकी सत्ता में वापसी आसान नहीं है और अब उसे चुनावी वैतरणी पार करने के लिए नकद धनराशि के सहारे की उम्मीद है। जब सरकार का कोई मंत्री स्वयं किसी योजना को चुनाव का गेम चेंजर बता रहा हो तो यह समझना कठिन नहीं है कि सरकार की प्राथमिकता महिलाओं का कल्याण नहीं, बल्कि चुनाव जीतना है।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने यह भी कहा कि कांग्रेस पार्टी पिछले एक वर्ष से लगातार यह आशंका व्यक्त करती आ रही है कि भाजपा सरकार विधानसभा चुनाव को प्रभावित करने के उद्देश्य से ठीक चुनाव के समय इस प्रकार की नकद धनराशि वितरण योजना की घोषणा कर सकती है। आज सरकार की घोषणा और उसके मंत्रियों के बयान से कांग्रेस की आशंका सही साबित होती दिखाई दे रही है। यदि भाजपा सरकार वास्तव में महिलाओं की हितैषी होती तो वह चुनाव से ठीक पहले एकमुश्त धनराशि देने के बजाय प्रत्येक माह महिलाओं के खातों में सम्मान राशि डालकर उन्हें आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने का काम करती। लेकिन पांच साल तक महिलाओं की आर्थिक परेशानियों की अनदेखी करने वाली सरकार को चुनाव नजदीक आते ही उनकी याद आने लगी है।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी महिलाओं को चुनावी प्रलोभन का माध्यम नहीं, बल्कि प्रदेश की अर्थव्यवस्था और समाज की मजबूत आधारशिला मानती है। भाजपा सरकार को यह समझ लेना चाहिए कि प्रदेश की महिलाएं केवल चुनाव के समय मिलने वाली धनराशि से प्रभावित होने वाली नहीं हैं, बल्कि वे अपने सम्मान, अधिकार, रोजगार और भविष्य की सुरक्षा के आधार पर अपना निर्णय लेंगी।

पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने योजना के लाभार्थियों के चयन पर भी गंभीर सवाल उठाते हुए कहा कि प्रदेश सरकार ने इस योजना के लिए केवल 5 लाख 23 हजार महिलाओं का चयन किया गया है, जबकि राज्य में लगभग 43 लाख 7 हजार बालिग महिलाएं हैं जिनमें से लगभग 19 लाख 7 हजार 974 महिलाओं के बैंक में खाते खुले हैं। ऐसे में सवाल उठता है कि प्रदेश की शेष महिलाओं का क्या होगा? क्या भाजपा सरकार ने उन्हें उनके हालात पर छोड़ दिया है? महिलाओं के बीच इस प्रकार का भेदभाव करना कतई न्यायसंगत नहीं है। यदि यह योजना महिलाओं के सम्मान और आर्थिक सुरक्षा के लिए है तो इसका लाभ प्रदेश की प्रत्येक पात्र महिला को मिलना चाहिए, न कि कुछ चुनिंदा महिलाओं तक इसे सीमित रखा जाना चाहिए।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी भाजपा सरकार से मांग करती है कि सरकार अपनी घोषणा के अनुरूप चुनाव के बाद दी जाने वाली ₹10 हजार की धनराशि भी दिसम्बर माह में ही महिलाओं के खातों में हस्तांतरित करे तथा 5 लाख 23 हजार महिलाओं की सीमित संख्या को बढ़ाकर प्रदेश की सभी पात्र महिलाओं को इस योजना का लाभ प्रदान करे।

प्रदेश चुनाव अभियान समिति के अध्यक्ष प्रीतम सिंह ने कहा कि एक ओर भाजपा दीदी-वैणी योजना के नाम पर महिलाओं के प्रति चुनावी प्रेम दर्शा रही हैं वहीं जिन प्रदेशों में भाजपा की सरकारें हैं वहां महिलाओं पर अत्याचार बढते जा रहे हैं तथा भाजपा सरकारों ने हमेशा दोषियों को बचाने का काम किया है इससे भाजपा का महिलाओं के प्रति सम्मान एवं गिरगिटी चरित्र भी सबके सामने आ चुका है। उन्होंने कहा कि अंकिता भण्डारी हत्याकाण्ड में शामिल वीवीआईपी का नाम उजागर करने से भी भाजपा बचती रही है। वहीं दूसरी तरफ भाजपा आसन्न विधानसभा चुनाव में हार के भय से जनता की मेहनत की कमाई के पैसे से दिये गये टैक्स की अपने कार्यकर्ताओं में बंदरबांट कर मातृशक्ति को एकबार फिर से भ्रमित करना चाहती है।

प्रदेश चुनाव प्रबन्धन समिति के अध्यक्ष डॉ.हरक सिंह रावत ने कहा कि कांग्रेस पार्टी यह भी स्पष्ट करना चाहती है कि महिलाओं का सम्मान केवल चुनावी घोषणाओं और एकमुश्त आर्थिक सहायता से सुनिश्चित नहीं हो सकता। इसके लिए उन्हें स्थायी आर्थिक सुरक्षा, रोजगार के अवसर और आत्मनिर्भरता प्रदान करना आवश्यक है। कांग्रेस पार्टी यह संकल्प व्यक्त करती है कि भविष्य में प्रदेश में कांग्रेस की सरकार बनने पर बेरोजगार परिवारों को रोजगार से जोड़ने की ठोस व्यवस्था की जाएगी, ताकि महिलाओं को सम्मान और स्वाभिमान के साथ जीवन यापन करने का अवसर मिल सके। इसके साथ ही प्रदेश की सभी महिलाओं को प्रत्येक माह महिला सम्मान राशि प्रदान की जाएगी।

पत्रकार वार्ता में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल, पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत, प्रदेश चुनाव अभियान समिति के अध्यक्ष प्रीतम सिंह, प्रदेश चुनाव प्रबन्धन समिति के अध्यक्ष डॉ. हरक सिंह रावत, प्रदेश महामंत्री संगठन राजेन्द्र सिंह भंडारी, पूर्व सैनिक विभाग के अध्यक्ष कर्नल राम रतन नेगी, प्रदेश मीडिया कमेटी की राष्ट्रीय समन्वयक पंखुडी पाठक, प्रदेश प्रवक्ता डॉ. प्रतिमा सिंह उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *