घंटाघर की घटना पर आयुक्त नगर निगम, CO सिटी ने फोरेंसिक टीम के साथ की जांच, कंट्रोल रूम के डबल लॉक सही, घड़ी व फ्लड लाइट के तार कटे मिले

देहरादून

मंगलवार 10 सितम्बर को अधिशासी अभियंता नगर निगम देहरादून द्वारा घंटाघर में स्थापित मोटर एवं फ्लड लाइट की तारों को क्षतिग्रस्त करने के संबंध में अभियोग दर्ज कराने हेतु प्रार्थना पत्र पर कोतवाली नगर पर अभियोग पंजीकृत किया गया ।

अभियोग व घटना की जांच के संबंध में आयुक्त नगर निगम, क्षेत्राधिकारी नगर देहरादून, निरीक्षक कोतवाली नगर द्वारा मौके पर जाकर संयुक्त रूप से निरीक्षण किया गया तो मौके पर घंटाघर में स्थापित नियंत्रण कक्ष में ताले लगे हुए पाए गए तथा घटनास्थल में किसी प्रकार के कोई जबरन प्रवेश के कोई साक्ष्य नहीं मिले, निरीक्षण के दौरान मौके पर घड़ी से जुड़े हुए तारों का कटा होना पाया गया तथा वहाँ रखे कीमती उपकरण सुरक्षित पाये गये, घंटाघर की घड़ियों तथा स्पीकरो के कार्य न करने का कारण कनेक्टिविटी का न होना पाया गया, जो संभवत: उसमें लगी तारों के काटने कटने के कारण हुआ है। नियंत्रण कक्ष में कटी हुई तारे मौके पर ही मिली , उन्हें न तो चोरी किया गया था और न ही ले जाने का प्रयास किया गया था, मौके पर फॉरेंसिक टीम को बुलाकर घटना स्थल की फोटोग्राफी/ वीडियोग्राफी की गई।

मौके पर नियंत्रण कक्ष में लगे तालों के सही पाए जाने से उक्त घटना में तारों से छेड़छाड़ किया जाना परिलक्षित हुआ है, जो सम्भवः उन व्यक्तियों द्वारा की गई हो जिनकी नियंत्रण कक्ष की चाबी तक पहुँच हो, इस संबंध में चाबी के रखरखाव में बरती गई लापरवाही के संबंध में नगर निगम को पुलिस द्वारा अपने स्तर से जांच करने हेतु पत्राचार किया गया है।

उक्त पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच हेतु एसएसपी देहरादून के निर्देश पर चौकी प्रभारी धारा को लाइन सम्बद्ध करते हुए प्रकरण की जांच क्षेत्राधिकारी नगर को सौपी गयी थी, प्रकरण की जांच के संबंध में क्षेत्राधिकारी नगर द्वारा दी गयी जाँच रिपोर्ट में पूरे प्रकरण में चौकी प्रभारी धारा की कोई लापरवाही नहीं पाई गई, जिस पर उन्हें वापस भेजा गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *