देहरादून समेत प्रदेश में बिगड़ती कानून व्यवस्था को लेकर उत्तराखंड महिला मंच के प्रतिनिधिमंडल ने ADG मुरुगेशन से की मुलाकात

देहरादून

देहरादून सहित पूरे उत्तराखंड में बिगड़ती कानून व्यवस्था पर उत्तराखंड महिला मंच ने चिन्ता जताई है।

मंच के प्रतिनिधिमंडल में अपर पुलिस महानिदेशक वी मुरुगेशन से इस संबंध में मुलाकात की और उन्हें एक ज्ञापन सौंपा।

पुलिस महानिदेशक नाम भेजे गये ज्ञापन में कहा गया है कि 26 जनवरी को कोटद्वार में एक मुस्लिम दुकानदार को परेशान कर रहे कुछ असामाजिक तत्वों को दीपक कुमार नाम के युवक ने रोका था। इसके बाद से कथित हिन्दू संगठनों की ओर से लगातार उसे धमकियां दी जा रही है। 31 जनवरी को इन संगठनों ने दीपक के जिम पर पहुंचकर तोड़फोड़ करने का प्रयास किया और गालियां दी। इस घटना के बाद पुलिस ने दीपक कुमार और उनके साथी विजय रावत के खिलाफ नामजद रिपोर्ट दर्ज करवाई, जबकि हुड़दंगियों के खिलाफ दर्ज करवाई गई रिपोर्ट में उन्हें अज्ञात बताया गया है।

ज्ञापन में कहा गया है कि खुद को हिन्दू रक्षा दल का सदस्य बताने वाले एक व्यक्ति का वीडियो वायरल हो रहा है, जो दीपक कुमार को जान से मारने की धमकी दे रहा है और लोगों से कोटद्वार पहुंचने का आह्वान कर रहा है।

ज्ञापन में ऐसे लोगों को तुरन्त गिरफ्तार करने, दीपक कुमार को नुकसान पहुंचाने से इरादे से कोटद्वार जाने वाले लोगों को वहां जाने से रोकने, दीपक कुमार की सुरक्षा सुनिश्चित करने, दीपक कुमार को धमकी वाले वीडियो तुरन्त सोशल मीडिया से हटाने, किसी को भी प्रदेश में शांति व्यवस्था भंग करने की इजाजत न देने और दीपक कुमार पर दर्ज एफआईआर वापस लेने की मांग की गई है।

उत्तराखंड महिला मंच की संयोजन कमला पंत ने कहा कि अपर पुलिस महानिदेशक से उन्हें सकारात्मक आश्वासन मिला है। उन्होंने उम्मीद जताई कि धमकी भरे वीडियो जारी करने वालों को पुलिस जल्द से जल्द गिरफ्तार करेगी।

अपर पुलिस महानिदेशक से मिलने पहुंची महिलाओं में निर्मला बिष्ट के साथ विमला कोली, विजय नैथानी, मंजू बलौदी आदि शामिल थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *