घर के बगल के खेत में बकरियां चराने गई महिला पर गुलदार ने किया हमला,गर्दन पर गहरे घाव के चलते महिला की मौत

देहरादून/कोटद्वार

उत्तराखंड में जनपद पौड़ी गढ़वाल के द्वारीखाल ब्लॉक स्थित ग्राम पंचायत जवाड़ के हलसी गांव में हिंसक गुलदार के हमले के बाद एक महिला की मौत हो गई।

घटना रविवार शाम को जब 34 वर्षीय लता देवी पत्नी जयवीर सिंह अपने घर के निकट ही खेत में बकरियां चराने गई थीं।

ग्राम पंचायत जवाड़ के पूर्व प्रधान राजेश मियां ने बताया कि झाड़ियों में घात लगाए बैठे गुलदार ने अचानक लता देवी पर हमला कर दिया। उनकी चीख की आवाज सुनकर परिजन घटनास्थल की ओर दौड़ पड़े, जब तक वे वहां पहुंचे लता ने दम तोड़ दिया।

उनकी गर्दन पर गुलदार ने गहरे घाव किए जिसके निशान मिले हैं। घटना की सूचना तत्काल तहसील प्रशासन और वन विभाग को दी गई।

सूचना मिलते ही पौखाल क्षेत्र के कानूनगो राकेश डबराल और पटवारी कांता प्रसाद गांव के लिए रवाना हो गए। लैंसडौन वन प्रभाग के डीएफओ आकाश गंगवार और दुगड्डा के रेंजर उमेश चंद्र जोशी भी अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंच रहे हैं।

इस दर्दनाक घटना के बाद जवाड़, बिस्ताना, कांडाखाल, बनाली, पल्ला, बिरमोली, बड़ेथ, सुंडल, उडियारी, दीवा सहित आसपास के कई गांवों में दहशत का माहौल है। डीएफओ आकाश गंगवार ने पुष्टि की है कि महिला की मौत गुलदार के हमले से हुई है।

उन्होंने बताया कि वनकर्मियों की टीम मौके पर भेज दी गई है और क्षेत्र में वनकर्मियों की तैनाती की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *