देहरादून/रामनगर
कॉर्बेट टाइगर रिजर्व की बिजरानी रेंज के अंतर्गत नाकाताल वन क्षेत्र में सोमवार को एक मगरमच्छ मृत अवस्था में मिला, जिससे वन विभाग में हड़कंप मचा हुआ है। ताजा मामला बिजरानी पश्चिमी बीट, मलानी ब्लॉक कक्ष संख्या-09 का बताया जा रहा है, जहां नियमित गश्त के दौरान स्थानीय वनकर्मियों को मगरमच्छ का शव दिखाई दिया।
वन विभाग के अनुसार मृत मगरमच्छ के सभी अंग मौके पर सुरक्षित पाए गए हैं, जिससे प्रथम दृष्टया किसी प्रकार के शिकार की आशंका नहीं जताई गई है।
वन विभाग के कर्मचारियों ने घटना की सूचना तत्काल उच्चाधिकारियों को देने के बाद निदेशक, कार्बेट टाइगर रिजर्व ने स्वयं मौके पर पहुंचकर निरीक्षण किया।
निदेशक के निर्देश पर मगरमच्छ के शव को पोस्टमार्टम के लिए ढेला रेस्क्यू सेंटर लाया गया। यहां वरिष्ठ पशु चिकित्सकों के पैनल ने निर्धारित मानकों के अनुरूप उच्चाधिकारियों की मौजूदगी में शव विच्छेदन की प्रक्रिया पूरी की गई है। साथ ही घटना स्थल के आसपास विभाग द्वारा सघन गश्त और कॉम्बिंग अभियान भी चलाया जा रहा है।
मगरमच्छ के विसरा के नमूने को जांच के लिए आईवीआरआई, बरेली भेजा जा रहा हैं। वन विभाग के अधिकारियों ने बताया कि मृत्यु के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम और विसरा रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद ही हो पायेगा। फिलहाल गश्त और निगरानी जरूर बढ़ाई गई है।