देहरादून/ऋषिकेश
ऋषिकेश नगर निगम के मेयर पद के लिए निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में चुनाव लड़ चुके दिनेश चंद्र मास्टर ने आज उत्तराखंड स्वाभिमान मोर्चा से इस्तीफा दे दिया है। उन्होंने अपना इस्तीफा संगठन के अध्यक्ष बॉबी पंवार को सौंप दिया है। उन्होंने अध्यक्ष को भेजे इस्तीफे में स्पष्ट रूप से लिखा है कि आज से मुझे मोर्चा की सदस्यता व दायित्व से कार्यमुक्त समझ लिया जाए।
उनके इस्तीफा देने की खबर से उनके समर्थकों में ऋषिकेश से देहरादून तक हडकंप मचा हुआ है। समर्थक समझ नहीं पा रहे हैं कि आखिर दिनेश चंद्र मास्टर ने अचानक ऐसा फैसला कैसे और क्यों लिया है। जबकि उत्तराखंड स्वाभिमान मोर्चा संगठन ने चुनाव के दौरान दिनेश चंद्र मास्टर के लिए दिन रात एक करते हुए काम किया और मेयर बनाने के लिए तन मन से पूरा जोर लगाया।
इस संबंध में दिनेश चंद्र मास्टर ने फोन पर बताया कि उन्होंने मोर्चा की सदस्यता और दायित्व से इस्तीफा दे दिया है, कहा कि कुछ निर्णय राज्य हित मे भी लेने पड़ते हैं।