देहरादून
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून द्वारा सभी थाना प्रभारियों को अपने-अपने थाना क्षेत्र में स्थित शिक्षण संस्थानों मे पढ़ाई की आड़ में गुट बाजी कर माहौल खराब करने का प्रयास करने वाले छात्रों को चिन्हित करने तथा छात्रों के बीच बढ़ती आपराधिक प्रवर्ति पर प्रभावी अंकुश लगाने हेतु कड़े दिशा निर्देश दिये गए है।
इस क्रम में बुधवार को पुलिस द्वारा सेलाकुई क्षेत्रान्तर्गत माया तथा एकफाई यूनिवर्सिटी में जागरूकता कार्यक्रम तथा प्रेमनगर क्षेत्रान्तर्गत स्थित हॉस्टल संचालकों के साथ बैठक आयोजित की गयी।
इस दौरान उपस्थित अधिकारियों द्वारा सभी छात्र छात्राओं/ शिक्षण संस्थान/ हॉस्टल संचालकों को स्पष्ट हिदायत दी कि किसी भी छात्र के किसी प्रकार की आपराधिक गतिविधियों में लिप्त मिलने अथवा ऐसी किसी भी शिकायत के प्राप्त होने पर उसके विरुद्ध सख्त कार्रवाई अमल में लाई जाएगी साथ ही संबंधित शिक्षण संस्थान व हॉस्टल संचालकों की जवाब देही भी तय की जाएगी।
इस दौरान कॉलेज प्रबंधन/हॉस्टल संचालकों को अपने संस्थानों में छात्रों के मध्य होने वाले किसी भी विवाद की सूचना तत्काल पुलिस को उपलब्ध कराने तथा कॉलेज में गुटबाज़ी करने वाले छात्रों को चिन्हित करने हेतु सभी छात्रों का डाटा संकलित कर तत्काल पुलिस को उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए।
इस दौरान कॉलेज प्रबंधन तथा हॉस्टल संचालकों को अवगत कराया गया कि उनके द्वारा सुनिश्चित किया जाए कि रात्रि 10:00 बजे के बाद कोई भी छात्र हॉस्टल अथवा आवासीय परिसर से बाहर न जाए, यदि रात्रि में कोई छात्र अनावश्यक रूप से बाहर घूमता हुआ अथवा किसी संदिग्ध गतिविधि में लिप्त पाया जाता है तो संबंधित छात्र के साथ- साथ हॉस्टल संचालक तथा कॉलेज प्रबंधन के विरुद्ध भी कानूनी कार्रवाई की जायेगी।