जल संरक्षण की दिशा में निरंकारी मिशन का ‘प्रोजेक्ट अमृत’ काकी श्रृंखला ने चौथा चरण,22 फरवरी को भारत भर में होगा,ऋषिकेश त्रिवेणी घाट पर गंगा किनारे चलेगा सफाई अभियान

देहरादून/ऋषिकेश

जब प्रकृति के प्रति संवेदना जीवन का मूल मंत्र हो, तब पावन संकल्प जन्म लेते हैं। मानव सेवा और लोक कल्याण की इसी दिव्य चेतना को साकार रूप प्रदान करने हेतु संत निरंकारी मिशन द्वारा ‘प्रोजेक्ट अमृत’ के अंतर्गत ‘स्वच्छ जल, स्वच्छ मन’ अभियान के चौथे चरण का भव्य शुभारंभ रविवार, 22 फरवरी 2026 प्रातः 8 बजे से 11 बजे तक परम श्रद्धेय सतगुरु माता सुदीक्षा महाराज के निर्देशानुसार समस्त भारत में भव्य रूप से आयोजित किया जा रहा है।

संत निरंकारी मंडल के सचिव आदरणीय जोगिंदर सुखीजा ने जानकारी देते हुए बताया कि ऋषिकेश में त्रिवेणी घाट पर गंगा जी के किनारे सफाई अभियान चलाया जाएगा जिसमें ब्रांच ऋषिकेश से संत निरंकारी चेरिटेबल, सेवादल और साथ संगत के वालंटियर भागीदारी करेंगे। आगे बताया कि यह विशाल अभियान देशभर में 1500 से अधिक स्थानों में एक साथ आयोजित किया जाएगा। इस व्यापक विस्तार के कारण यह प्रयास ऐतिहासिक स्वरूप धारण करेगा, जो जल संरक्षण तथा स्वच्छता के संदेश को समाज के प्रत्येक वर्ग तक प्रभावशाली रूप से पहुँचाएगा।

इस पहल का मूल उद्देश्य समाज को यह अनुभूति कराना है कि जल केवल संसाधन नहीं, जीवन का आधार और ईश्वर की अमूल्य देन है, जिसकी रक्षा करना प्रत्येक मानव का नैतिक कर्तव्य है।

संत निरंकारी मिशन ने बाबा हरदेव सिंह की प्रेरणास्पद शिक्षाओं को आत्मसात करते हुए वर्ष 2023 में संस्कृति मंत्रालय, भारत सरकार के सहयोग से ‘प्रोजेक्ट अमृत’ का सूत्रपात किया था। यह पुनीत पहल जल संरक्षण को किसी एक दिवस या अभियान तक सीमित न रखकर उसे जीवनशैली, संस्कार और सेवा-भाव के रूप में अभिव्यक्त करने की प्रेरणा देती है, जहाँ स्वच्छ जल से स्वच्छ मन और स्वच्छ समाज का निर्माण संभव हो सके।

नदियों, झीलों, तालाबों, कुओं एवं झरनों जैसे प्राकृतिक जल स्रोतों के संरक्षण और संवर्धन हेतु समर्पित इस जनआंदोलन ने अपने प्रथम तीन चरणों में सेवा, समर्पण और सहभागिता की अद्भुत मिसाल प्रस्तुत की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *