देहरादून/रुड़की
उत्तराखंड के हरिद्वार के रुड़की में खानपुर के एक निर्दलीय और दूसरे भाजपा पूर्व विधायक दो दिग्गज नेताओं के बीच तनावपूर्ण माहौल बना हुआ है।
देखते ही देखते मामला गैंगवार जैसी स्थिति में बदल गया, जब खानपुर विधायक उमेश कुमार और पूर्व विधायक कुंवर प्रणव सिंह चैंपियन के बीच सोशल मीडिया पर शुरू हुआ विवाद फायरिंग, गाली-गलौज और धमकियों तक पहुंच गया है।
गणतंत्र दिवस के दिन रविवार को फिल्मी अंदाज में बेखौफ पूर्व विधायक कुंवर प्रणव सिंह चैंपियन ने हथियारबंद समर्थकों के साथ खानपुर विधायक उमेश कुमार के कैंप कार्यालय पर कई राउंड फायरिंग की और उमेश कुमार को धमकी देते हुए गालियां भी दीं जो कि सोशल मीडिया में वायरल वीडियो में साफ साफ सुनाई दे रही हैं।
घटना के बाद हरिद्वार SSP प्रमेंद्र डोभाल ने मामले में ज्यादा जानकारी देते हुए बताया कि पुलिस ने दोनों पक्षों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। प्रणव सिंह चैंपियन को गिरफ्तार कर लिया गया है वहीं उमेश कुमार को भी उनके समर्थकों के साथ देर रात हिरासत में लिया गया, साथ ही दोनों पक्षों के दौरान लाइसेंसी हथियार जब्त कर लिए गए। मामले की गंभीरता को देखते हुए क्षेत्र में सुरक्षा बल की तैनाती की गई है।
बताते चलें कि दोनों के बीच सोशल मीडिया पर शुरू हुआ वॉकयुद्ध धीरे-धीरे व्यक्तिगत आरोप-प्रत्यारोप में बदल गया और रविवार को इस विवाद ने उस समय हिंसक रूप लिया जब कुंवर प्रणव सिंह चैंपियन ने अपने समर्थकों के साथ उमेश कुमार के कार्यालय पर समर्थकों के साथ हमला कर रायफल और पिस्टल से अंधाधुंध फायरिंग कर दी।
हालांकि घटना के बाद पूरे इलाके में सुरक्षा व्यवस्था अवश्य कड़ी कर दी गई है। वहीं कई वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हुए है, जिसमें आपत्तिजनक शब्दों और गाली गलौज का ज्यादा प्रयोग किया गया है।