कांग्रेस पार्टी ने अपने 139वें स्थापना दिवस पर महाराष्ट्र के नागपुर में विशाल रैली का आयोजन किया। इसे ‘हैं तैयार हम’ नाम दिया गया था। देश की राजधानी नई दिल्ली से करीब 1100 किलोमीटर की दूरी पर स्थित विदर्भ इलाके के मध्य में स्थित शहर नागपुर में की गई इस रैली को अगले साल अप्रैल-मई 2024 में होने वाले लोकसभा चुनावों के लिए कांग्रेस के चुनावी अभियान का आगाज कहा जा रहा है।
कांग्रेस का कहना है कि ‘हैं तैयार हम’ की थीम देश में लोकतंत्र की रक्षा के लिए कांग्रेस की लड़ने की प्रतिबद्धता की पुष्टि करता है। रैली का स्थान दिघोरी नाका क्षेत्र में स्थित था, जिसे कांग्रेस ने राहुल की भारत जोड़ो यात्रा से कनेक्ट करते हुए “भारत जोड़ो ग्राउंड” बना दिया था। आइए, समझते हैं कि महाराष्ट्र की दूसरी राजधानी नागपुर में कांग्रेस की इस मेगा रैली के पीछे किया संदेश छुपे हैं.
नागपुर से कांग्रेस का जुड़ाव भारत की आज़ादी से पहले का है। दिसंबर 1920 में आयोजित कांग्रेस के नागपुर अधिवेशन में ही पार्टी ने महात्मा गांधी के नेतृत्व में अंग्रेजों के खिलाफ असहयोग आंदोलन शुरू करने का स्पष्ट आह्वान किया था। इसी सम्मेलन में कांग्रेस ने महत्वपूर्ण संगठनात्मक सुधार भी किए थे, जिसमें 350 सदस्यों के साथ अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी को मजबूत करने और 15 सदस्यीय कांग्रेस कार्यसमिति को सर्वोच्च निर्णय लेने वाली संस्था के रूप में गठित करने का निर्णय लिया गया था।