बागेश्वर के कपकोट क्षेत्र की सड़क से गहरी खाई में गिरी बोलेरो कार में 7 यात्रियों में से 2 महिलाओं की मौत,5 घायल अस्पताल में गम्भीर हालत में भर्ती

बागेश्वर

उत्तराखंड में सड़क और हादसों का चोली दामन का साथ है हादसे थमने का नाम नहीं ले रहे हैं।

ताजा मामला कपकोट क्षेत्र का है, शुक्रवार को भी एक बोलेरो वाहन गहरी खाई में गिरने से दो महिलाओं की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि पांच लोग घायल हो गए।

प्राप्त जानकारी के अनुसार बागेश्वर जिले के रिखाड़ी–पतियासार मार्ग पर बोलेरो वाहन संख्या UK02TA-3078 अनियंत्रित होकर करीब 100 मीटर गहरी खाई में जा गिरा।

मौके पर मौजूद ग्रामीणों के अनुसार वाहन में चालक समेत कुल सात लोग सवार थे, जिनमें पांच महिलाएं और दो पुरुष शामिल थे। हादसे में दो महिलाओं की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि अन्य पांच लोग घायल हो गए।

घटना की सूचना मिलते ही राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल (SDRF) की टीम पोस्ट कपकोट से मुख्य आरक्षी दिनेश पुरी के नेतृत्व में मौके के लिए रवाना हो गई थी। लेकिन टीम के पहुंचने से पहले ही स्थानीय लोगों और स्थानीय पुलिस के जवानों की मदद से घायलों को खाई से निकालकर उपचार के लिए अस्पताल भेज दिया गया था।

इसके बाद एसडीआरएफ टीम ने खाई में उतरकर दुर्घटनाग्रस्त वाहन तक पहुंच बनाई और मृतकों के शवों को बाहर निकालकर सड़क तक पहुंचाया।

पुलिस के अनुसार दुर्घटना की जांच के बाद ही असल कारणों का पता चल पाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *