यूकेडी कार्यकर्ताओं नेकिया सत्र के पहले दिन गैरसैण में उग्र प्रदर्शन,पुलिस ने वॉटर कैनन प्रयोग कर की पानी की बौछार

देहरादून/गैरसैंण

उत्तराखंड की ग्रीष्मकालीन राजधानी गैरसैंण में शुरू हुए बजट सत्र के पहले दिन ही राजनीतिक माहौल गरमा गया। उत्तराखंड क्रांति दल (यूकेडी) के कार्यकर्ताओं ने अपनी मांगों को लेकर जोरदार प्रदर्शन किया और विधानसभा की ओर कूच करने की कोशिश की। इस दौरान कई कार्यकर्ता पुलिस बैरिकेडिंग तोड़ते हुए आगे बढ़ गए, जिससे मौके पर कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

जानकारी के मुताबिक यूकेडी कार्यकर्ता दिवालीखाल क्षेत्र में एकत्र हुए, जहां उन्होंने सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने स्थायी राजधानी गैरसैंण बनाए जाने, अंकिता भंडारी हत्याकांड में सख्त कार्रवाई और राज्य से जुड़े अन्य मुद्दों को लेकर विधानसभा घेराव का ऐलान किया था।

प्रदर्शन के दौरान कुछ कार्यकर्ता पुलिस को चकमा देकर विधानसभा की ओर बढ़ने में सफल हो गए। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने करीब 10 से 15 प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लिया। इस बीच यूकेडी कार्यकर्ताओं ने पुलिस वाहनों को रोक दिया और हिरासत में लिए गए कुछ आंदोलनकारियों को गाड़ियों से उतारने की कोशिश भी की।

मौके पर पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच धक्का-मुक्की और झड़प की स्थिति भी बनी। हालात बिगड़ते देख पुलिस ने भीड़ को नियंत्रित करने के लिए पानी की बौछार (वॉटर कैनन) का इस्तेमाल किया, जिसके बाद प्रदर्शनकारियों को आगे बढ़ने से रोक दिया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *