देहरादून/रुद्रप्रयाग
विश्व प्रसिद्ध ग्यारहवें ज्योतिर्लिंग श्री केदारनाथ धाम के कपाट बुधवार सुबह 8:30 बजे वैदिक मंत्रोच्चार और धार्मिक पारंपरिक रीति रिवाजों के बीच शीतकाल के लिए बंद कर दिए गए।
बुधवार को कपाट बंद होने के साथ ही वर्ष 2026 की केदारनाथ यात्रा का विधिवत समापन हो गया। इस दौरान पूरी केदार धाम बाबा केदार के जयकारों से गूंज उठा। श्रद्धालुओं ने नम आंखों से अपने आराध्य को विदाई दी। इसके बाद बाबा केदार की चल विग्रह उत्सव डोली शीतकालीन प्रवास के लिए ओंकारेश्वर मंदिर, ऊखीमठ रवाना हो गई।
कपाट बंद करने की प्रक्रिया तड़के चार बजे से ही शुरू हो गई थी। मंदिर में विशेष पूजा-अर्चना और धार्मिक अनुष्ठानों के बाद निर्धारित शुभ मुहूर्त में सुबह 8:30 बजे मंदिर के कपाट बंद किए गए। इस ऐतिहासिक पल का साक्षी बनने के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु धाम पहुंचे थे। कपाट बंद होने के बाद बाबा केदार की उत्सव डोली ने मंदिर परिसर की परिक्रमा की और जयकारों के बीच शीतकालीन गद्दीस्थल के लिए प्रस्थान किया। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार डोली बुधवार को रामपुर में रात्रि विश्राम करेगी। 12 नवंबर को गुप्तकाशी पहुंचेगी, जबकि 13 नवंबर को ओंकारेश्वर मंदिर ऊखीमठ में विराजमान होगी। बताते चलें कि अब अगले छह माह तक बाबा केदार की शीतकालीन पूजा-अर्चना यहीं संपन्न होनी है और श्रद्धालु इस अवधि में ऊखीमठ में बाबा केदार के दर्शन कर सकेंगे।
इस अवसर पर बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति के अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी के साथ ही डीएम विशाल मिश्रा, एसपी निहारिका तोमर, मुख्य कार्यकारी अधिकारी सोहन सिंह रागड़ सहित प्रशासनिक अधिकारी, तीर्थ पुरोहित और बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।