देहरादून/ज्वालापुर
ज्वालापुर के सुभाष नगर क्षेत्र में मामूली विवाद को लेकर एक व्यक्ति पर जानलेवा हमला करने और ताबड़तोड़ फायरिंग करने के मामले में हरिद्वार पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस को आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त फॉर्च्यूनर कार, 315 बोर की राइफल, 12 बोर की पंप एक्शन गन, 32 बोर की देशी पिस्टल, मैगजीन और जिंदा कारतूस व खोखा राउंड बरामद किए गए हैं। मामले में एक अन्य आरोपी अभी फरार है, जिसकी तलाश में पुलिस टीमें जुट गई हैं।
पुलिस के मुताबिक, सुभाष नगर ज्वालापुर निवासी निशांत यादव ने कोतवाली ज्वालापुर में तहरीर देकर बताया कि 12-13 नवंबर 2026 की रात पांच व्यक्ति ब्रेजा और फॉर्च्यूनर कार में सवार होकर पहुंचे और उन पर जान से मारने की नीयत से पिस्तौल से फायरिंग की। बताया जा रहा है कि विवाद कार्यालय में काम करने वाले व्यक्ति को लेकर हुआ था। तहरीर के आधार पर पुलिस ने मुकदमा अपराध संख्या 749/26 दर्ज किया।
घटना की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी हरिद्वार ने आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी के निर्देश दिए।
प्रभारी निरीक्षक ज्वालापुर के नेतृत्व में पुलिस टीमों का गठन किया गया। पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और मुखबिर तंत्र सक्रिय कर आरोपियों की तलाश शुरू की गई।
13 नवंबर को मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने थाना बुग्गावाला क्षेत्र से चार आरोपियों गुड्डू चौधरी, मनोज कुमार, अंकुर वर्मा उर्फ हन्नी और हरेंद्र चौधरी उर्फ सोनू को गिरफ्तार कर लिया। इनके कब्जे से फॉर्च्यूनर कार संख्या UK08-BQ-9009 समेत हथियार और कारतूस भी बरामद हुए।
पुलिस ने मुकदमे में बीएनएस की धारा 61(2) और आर्म्स एक्ट की धारा 3/25/29 की बढ़ोतरी की है। फरार पांचवें आरोपी की गिरफ्तारी के लिए अलग-अलग टीमें गठित की गई हैं। साथ ही गिरफ्तार आरोपियों के आपराधिक इतिहास की भी जानकारी जुटाई जा रही है।
इस कार्रवाई में उप निरीक्षक पुष्कर सिंह चौहान सहित पुलिस टीम के आठ सदस्यों का सहयोग अहम रहा।