18 नवंबर 1962 में घायल होने के बावजूद रेजांगला के युद्ध में चीनियों से लोहा लिया, ऐसे हीरो थे मेजर शैतान सिंह,जिनको मरणोपरांत परमवीर चक्र से सम्मान मिला – Indian Today 24×7

18 नवंबर 1962 में घायल होने के बावजूद रेजांगला के युद्ध में चीनियों से लोहा लिया, ऐसे हीरो थे मेजर शैतान सिंह,जिनको मरणोपरांत परमवीर चक्र से सम्मान मिला

देहरादून

आज 18 नवंबर का दिन है जिसको भारत के इतिहास मे रेजांगला शौर्य दिवस के रूप में भी जाना जाता है। ऐसे में हम आज इस युद्ध के नायक मेजर शैतान सिंह को याद करते हुए श्रद्धांजलि दे रहे है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार इस युद्ध के हीरो थे शैतान सिंह आइये इस युद्ध और उनके बारे में कुछ जानने का प्रयास करते हैं।

प्राप्त जानकारी के अनुसार 1962 में लद्दाख की चुशूल हवाई पट्टी की सुरक्षा के लिए मेजर शैतान सिंह को 13 कुमाऊं रेजिमेंट की चार्ली कंपनी के साथ लगभग 17,000 फीट की ऊंचाई पर स्थित रेजांगला दर्रे पर तैनात किया गया था।

वहाँ अद्भुत नेतृत्व करते हुए 18 नवंबर 1962 की सुबह जब हजारों चीनी सैनिकों ने भारी तोपखाने के साथ हमला किया, तब मेजर शैतान सिंह लगातार सैनिकों का मनोबल बढ़ाने के लिए अपनी जान की परवाह किए बिना खुले मैदान में एक पोस्ट से दूसरी पोस्ट तक दौड़ रहे थे।

इस दौरान उनको दुशमन की कई गोलियां लगी लेकिन उन्होंने घायल होने पर भी हार नहीं मानी। दुश्मन की मशीनगन की गोलियों से उनके बाजू और पेट में गंभीर चोटें आईं। जब उनके साथी जवान उन्हें सुरक्षित स्थान पर ले जाने लगे, तो उन्होंने मना कर दिया और जवानों को आदेश दिया कि वे उनको वहीं छोड़कर देश की रक्षा के लिए लड़ाई जारी रखें।

भारी बर्फबारी के कारण तीन महीने बाद जब खोज अभियान चलाया गया, तो मेजर शैतान सिंह का पार्थिव शरीर उसी बर्फीली चट्टान के पीछे मिला जहां उन्होंने अंतिम सांस ली थी। वे उस समय भी अपनी बंदूक थामे हुए थे।

ऑनरपॉइंट (Honourpoint) की जीवनी के अनुसार, उनके पार्थिव शरीर को जोधपुर लाया गया और पूरे सैन्य सम्मान के साथ उनका अंतिम संस्कार किया गया। उनकी याद में जोधपुर में एक चौराहे का नाम भी उनके नाम पर रखा गया है।

भारत-चीन के इस युद्ध में रेजांगला के मोर्चे पर दिखाए गए अदम्य साहस और नेतृत्व के लिए मरणोपरांत भारत के सर्वोच्च सैन्य सम्मान परमवीर चक्र से अलंकृत किया गया।

नेशनल वॉर मेमोरियल की आधिकारिक वेबसाइट पर उनकी इस अद्भुत वीरता की गाथा दर्ज है।

बताते चलें कि मेजर शैतान सिंह का जन्म 1 दिसंबर 1924 को राजस्थान के जोधपुर जिले (वर्तमान में फलोदी) के बानसूर गांव में एक सैन्य परिवार में हुआ था।

उनके पिता लेफ्टिनेंट कर्नल हेम सिंह भाटी भी एक सेना अधिकारी थे। उन्होंने प्रथम विश्व युद्ध के दौरान जोधपुर लांसर्स की ओर से फ्रांस में युद्ध लड़ा था।

मेजर शैतान सिंह ने अपनी प्रारंभिक शिक्षा जोधपुर के राजपूत हाई स्कूल से पूरी की और आगे चलकर स्नातक की डिग्री प्राप्त की। 1 अगस्त 1949 को एक अधिकारी के रूप में जोधपुर राज्य बल (Jodhpur State Forces) में शामिल हुए।

जोधपुर रियासत का भारतीय संघ में विलय होने के बाद उन्हें भारतीय सेना की कुमाऊं रेजिमेंट में स्थानांतरित कर दिया गया।

बताते चलें कि 1962 के युद्ध से पहले उन्होंने नागा हिल्स ऑपरेशन और 1961 के गोवा मुक्ति अभियान में अपनी कुशल रणनीतिक क्षमता का परिचय दिया था। उनकी इसी कार्यकुशलता को देखते हुए जून 1962 में उन्हें मेजर के पद पर पदोन्नत किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *