दून जिला प्रशासन ने जन सेवा केंद्रों पर की बड़ी कार्रवाई, अनियमितताएं पाये जाने पर किए 4 CSC केंद्र सील

देहरादून to

जन सेवा केंद्रों (CSC) पर वीवर को निर्धारित मानकों के अनुपालन और आमजन को मिल रही सुविधाओं की जांच के लिए जिला प्रशासन ने औचक निरीक्षण अभियान चलाया।

जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान के निर्देश पर उप जिलाधिकारी देहरादून के नेतृत्व में प्रशासनिक टीम ने विभिन्न जन सेवा केंद्रों पर औचक निरीक्षण और छापेमारी की।

निरीक्षण के दौरान अनियमितताएं पाए जाने पर प्रशासन ने मौके पर ही कार्रवाई करते हुए चार जन सेवा केंद्रों को तत्काल प्रभाव से सील कर दिया। इसके अलावा कुछ केंद्रों से कंप्यूटर के CPU और लैपटॉप भी प्रशासन ने अपनी अभिरक्षा में लिए हैं।

चार CSC केंद्र सील

औचक निरीक्षण के दौरान शादमान (CSC ID: 353233270019) के केंद्र पर अनियमितताएं मिलने पर उसे तत्काल सील कर दिया गया। इसी तरह हनी रमन (CSC ID: 554776230016) के जन सेवा केंद्र को भी मौके पर सील किया गया।

इसके अलावा करन वर्मा (CSC ID: 626776760018) और प्राची कौशिक (CSC ID: 727124560013) के केंद्रों में भी जांच के दौरान कमियां पाए जाने पर दोनों केंद्रों को सील कर दिया गया।

कंप्यूटर और लैपटॉप अभिरक्षा में

निरीक्षण के दौरान तहसीलदार सदर ने शादमान, पूनम खन्ना और करन वर्मा के केंद्रों से CPU को प्रशासन की अभिरक्षा में लिया। वहीं पारुल बंसल और प्राची कौशिक के केंद्रों से लैपटॉप भी अभिरक्षा में लिए गए हैं।

प्रशासन की इस कार्रवाई से CSC केंद्र संचालकों में हड़कंप की स्थिति रही।

एक केंद्र की CSC ID निरस्त करने की संस्तुति

निरीक्षण के दौरान पवन फर्स्वाण (CSC ID: 543342670011) के केंद्र पर मिली कमियों के संबंध में उसकी CSC ID निरस्त करने की संस्तुति उच्चाधिकारियों को भेजी गई है।

वहीं पूनम खन्ना (CSC ID: 317574420015) के केंद्र पर पाई गई कमियों के संबंध में संचालक को कड़ी चेतावनी जारी की गई है। पारुल बंसल (CSC ID: 252619240013) के केंद्र पर मिली अनियमितता के बाद वहां से लैपटॉप प्रशासन ने अभिरक्षा में लिया है।

अनियमितता और अवैध वसूली बर्दाश्त नहीं: प्रशासन

जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया कि जन सेवा केंद्रों का संचालन आमजन को विभिन्न सरकारी सेवाएं और सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से किया जाता है। ऐसे में केंद्रों पर निर्धारित मानकों और नियमों का पालन करना अनिवार्य है।

प्रशासन ने कहा कि आमजन की सुविधा से जुड़े इन केंद्रों पर किसी भी प्रकार की लापरवाही, अनियमितता या अवैध वसूली को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। भविष्य में भी CSC केंद्रों का औचक निरीक्षण जारी रहेगा। जांच के दौरान नियमों का उल्लंघन या अन्य अनियमितता मिलने पर संबंधित संचालकों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।

औचक निरीक्षण अभियान के दौरान तहसीलदार सदर सुरेंद्र देव, ई-डिस्ट्रिक्ट मैनेजर हरेंद्र सिंह सहित तहसील और पुलिस की टीम मौजूद रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *