जली कार के अंदर से मिला युवती का रहस्यमई कंकाल,युवती के साथ का युवक फरार होने से हत्या या आत्महत्या के फेर में उलझी पुलिस – Indian Today 24×7

जली कार के अंदर से मिला युवती का रहस्यमई कंकाल,युवती के साथ का युवक फरार होने से हत्या या आत्महत्या के फेर में उलझी पुलिस

देहरादून/चमोली

उत्तराखंड के पर्वतीय जिले चमोली के ज्योतिर्मठ स्थित नीती-मलारी बॉर्डर रोड किनारे एक सुनसान इलाके में खड़ी जली हुई कार के भीतर से महिला का कंकाल मिलने से क्षेत्र में हड़कंप मच गया है।

घटना जोशीमठ के तपोवन क्षेत्र के पास की है, जहां शनिवार देर रात करीब 9:30 से 10 बजे के बीच इस सनसनीखेज वारदात को अंजाम दिया गया।

घटनास्थल पर पहुंचे एसडीएम चंद्रशेखर वशिष्ठ और पुलिस उपाधीक्षक समेत भारी पुलिस बल ने मौके को कब्जे में ले लिया है। फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया गया है और पुलिस की जांच हर एंगल से की जा रही है।

स्थानीय लोगों ने बताया कि शनिवार सुबह उस कार में एक युवक और एक युवती को घूमते हुए देखा गया था। कार कर्नाटक राज्य से पंजीकृत थी – मारुति रिट्ज (KA 01 AG 0590), जिसका मालिक संतोष कुमार सेनापति (बेंगलुरु) बताया जा रहा है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार मौके पर घटनास्थल से कार के अंदर महिला का जला हुआ शव मिला है, जबकि साथ देखा गया युवक लापता बताया जा रहा है। इस रहस्यमयी तरीके से युवक के गायब होने और कार के अंदर से जला शव मिलने से हत्या की आशंका गहराती जा रही है।

हालांकि पुलिस लापता युवक की तलाश में जुट गई है और उसके मोबाइल लोकेशन और कॉल डिटेल्स जरूर खंगाले जा रहे हैं। उम्मीद की जा रही है कि पुलिस जल्दी ही इस रहस्यमई हत्या से पर्दा उठाने में कामयाब होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *