पौड़ी में घास काटने गई 51 वर्षीय महिला पर गुलदार के हमले में महिला की मौत,मानव-वन्यजीव संघर्ष ने बढ़ाई चिंता – Indian Today 24×7

पौड़ी में घास काटने गई 51 वर्षीय महिला पर गुलदार के हमले में महिला की मौत,मानव-वन्यजीव संघर्ष ने बढ़ाई चिंता

देहरादून/पौड़ी गढ़वाल

श्रीनगर-पौड़ी मार्ग पर खंडाह से लगभग 3 किलोमीटर आगे स्थित अमदार तरौली गांव में गुलदार के हमले में 51 वर्षीय महिला की मौत का मामला सामने आया है। शुक्रवार शाम घास काटने गई महिला पर झाड़ियों में छिपे बैठे गुलदार ने हमला कर दिया। घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, शुक्रवार शाम करीब पांच बजे की बताई जा रही है जब महिला घास काटने के लिए जंगल गई थी। इसी दौरान गुलदार ने उस पर हमला कर दिया। बताया जा रहा है कि गुलदार ने महिला के गले पर हमला किया। कुछ समय बाद महिला का शव क्षत-विक्षत हालत में मिला।

घटना की जानकारी मिलने के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया। महिला की मौत से परिजनों और ग्रामीणों में शोक के साथ भय का माहौल व्याप्त है।

आबादी के नजदीक गुलदार के हमले के बाद अब लोगों को रोजमर्रा के कामों के लिए भी घरों से बाहर निकलने में खतरा महसूस हो रहा है।

ग्रामीणों ने क्षेत्र में गुलदार की सक्रियता पर अंकुश लगाने और लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए वन विभाग से प्रभावी कदम उठाने की मांग की है।

पर्वतीय क्षेत्रों में बढ़ती मानव-वन्यजीव संघर्ष की घटनाओं से ग्रामीणों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ रही हैं। अमदार तरौली गांव में हुई इस घटना के बाद ग्रामीणों की निगाहें वन विभाग की कार्रवाई पर टिकी हैं। लोगों को उम्मीद है कि क्षेत्र में गुलदार के खतरे से निपटने के लिए जल्द आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *