बीते फरवरी में आयोजित SSC परीक्षा में हाईटेक तरीके से नकल गिरोह के एक और सदस्य को STF ने दिल्ली से किया गिरफ्तार,पूर्व में ही STF 07 अभियुक्त कर चुकी गिरफ्तार – Indian Today 24×7

बीते फरवरी में आयोजित SSC परीक्षा में हाईटेक तरीके से नकल गिरोह के एक और सदस्य को STF ने दिल्ली से किया गिरफ्तार,पूर्व में ही STF 07 अभियुक्त कर चुकी गिरफ्तार

देहरादून

मुख्यमंत्री, उत्तराखण्ड सरकार द्वारा विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं में नकल एवं अनुचित साधनों के प्रयोग पर प्रभावी अंकुश लगाए जाने के संबंध में दिए गए स्पष्ट निर्देशों के क्रम में पुलिस महानिदेशक, उत्तराखण्ड दीपम सेठ द्वारा परीक्षाओं में नकल कराने वाले गिरोहों एवं अपराधियों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई हेतु व्यापक कार्ययोजना तैयार कर कठोर कार्रवाई किए जाने के निर्देश निर्गत किए गए हैं।

उक्त निर्देशों के अनुपालन में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, STF उत्तराखण्ड द्वारा विशेष कार्ययोजना तैयार कर टीमों का गठन किया गया है। साथ ही, टीमों द्वारा की जा रही कार्रवाई की नियमित मॉनिटरिंग करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए जा रहे हैं। इसी क्रम में STF द्वारा प्रतियोगी परीक्षाओं में नकल कराने वाले गिरोहों के विरुद्ध लगातार प्रभावी कार्रवाई की जा रही है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, एसटीएफ.ने जानकारी देते हुए बताया कि SSC द्वारा आयोजित मल्टीटास्किंग (नॉन-टेक्निकल) स्टाफ (MTS) एवं हवलदार ऑनलाइन परीक्षा में नकल कराने के संबंध में दिनांक 14.02.2026 को कोतवाली नगर, देहरादून में मु0अ0सं0 58/2026, धारा 11(1), 11(2), 12(2), 66, 111(3), 111(4), 318(2), 61, सार्वजनिक परीक्षा (अनुचित साधनों की रोकथाम) अधिनियम, 2024 के अंतर्गत अभियोग पंजीकृत किया गया था। प्रकरण की संवेदनशीलता एवं तकनीकी पहलुओं को दृष्टिगत रखते हुए अभियोग की विवेचना STF उत्तराखण्ड द्वारा की जा रही है।

विवेचना के दौरान STF टीम द्वारा तकनीकी साक्ष्यों एवं अन्य उपलब्ध तथ्यों के आधार पर अभियोग में संलिप्त व्यक्तियों के संबंध में जानकारी जुटाते हुए कड़ियों को जोड़ा गया।

इसी क्रम में उक्त अभियोग में वांछित अभियुक्त अंकित कुमार पुत्र अनिल पासवान, उम्र 22 वर्ष, निवासी मुगलसराय, जनपद चंदौली, उत्तर प्रदेश को दिल्ली से गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार अभियुक्त उक्त परीक्षा केन्द्र पर पर्यवेक्षक के रूप में नियुक्त था, जिसके द्वारा परीक्षा केन्द्र पर आने वाले सभी अभ्यर्थियों के आई.डी. कार्ड चैक करने के साथ ही परीक्षा केन्द्र में नकल आदि अन्य अवांछनीय गतिविधियों पर सतर्क दृष्टि रखना था। अभियुक्त द्वारा परीक्षा केन्द्र पर लगाये गये कम्प्यूटरों का रिमोटली एक्सेस हेतु IP नकल कराने वाले गिरोह के सदस्यों को भेजी गयी थी। अभियोग की विवेचना वर्तमान में पुलिस उपाधीक्षक, STF/ANTF श्री परवेज अली द्वारा की जा रही है। एसटीएफ. द्वारा इस प्रकरण में गिरोह के अन्य 07 अभियुक्तों को पूर्व में गिरफ्तार किया जा चुका है। गिरफ्तार अभियुक्त से पूछताछ के दौरान प्रकरण से संबंधित अन्य महत्वपूर्ण जानकारियां भी प्रकाश में आई हैं। इन तथ्यों के आधार पर STF द्वारा अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक एसटीएफ. ने जानकारी देते हुए यह भी बताया कि माह नवम्बर/2025 में SSC द्वारा आयोजित टियर प्रथम मल्टी टास्किंग स्टाफ परीक्षा एवं क्लेरीकल स्टाफ की परीक्षा में हुई नकल के सम्बन्ध में कोतवाली देहरादून में पंजीकृत मु.अ.स. 398/2025 धारा 11(1),11(2),12(2),66,111(3),111(4),318(2),61 सार्वजनिक परीक्षा अनुचित साधनों की रोकथाम अधिनियम पंजीकृत हुआ था, जिसमें उक्त अभियुक्त वांछित चल रहा था ।

*गिरफ्तार अभियुक्त*

अंकित कुमार पुत्र अनिल पासवान, उम्र 22 वर्ष, निवासी मुगलसराय, जनपद चंदौली, उत्तर प्रदेश।

*बरामदगी*

01 मोबाइल फोन

*STF टीम*

श्री परवेज अली, पुलिस उपाधीक्षक।

उ0नि0 दीपक मैठाणी।

हे0का0 प्रमोद।

का0 प्रदीप।

का0 रवि पंत।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *