ऋषिकेश के लक्ष्मणझूला क्षेत्र में गंगा नदी में बहा आगरा का 15 वर्षीय स्कूली छात्र, SDRF का सर्च अभियान जारी – Indian Today 24×7

ऋषिकेश के लक्ष्मणझूला क्षेत्र में गंगा नदी में बहा आगरा का 15 वर्षीय स्कूली छात्र, SDRF का सर्च अभियान जारी

देहरादून/ऋषिकेश

वीरवार को ऋषिकेश के लक्ष्मणझूला क्षेत्र में आगरा से स्कूल भ्रमण पर आए एक छात्र के गंगा नदी के तेज बहाव में बहने की सूचना प्राप्त हुई।

लापता छात्र की पहचान अंश परमार (15 वर्ष), पुत्र राजकुमार शर्मा, निवासी रोहता, आगरा (उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई है। छात्र कक्षा 10वीं में अध्ययनरत था।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, उक्त छात्र अपने विद्यालय के 32 अन्य विद्यार्थियों एवं 05 शिक्षकों के साथ ऋषिकेश भ्रमण पर आया हुआ था। भ्रमण के दौरान छात्र लक्ष्मणझूला पुल के समीप स्थित घाट पर अन्य छात्रों के साथ स्नान कर रहे थे। इसी दौरान अंश परमार गंगा नदी के तेज बहाव की चपेट में आकर बह गया।

अन्य छात्रों की चीख-पुकार सुनकर मौके पर मौजूद जल पुलिस एवं स्थानीय लोगों द्वारा छात्र को बचाने का प्रयास किया गया, लेकिन नदी का बहाव अत्यधिक तेज होने के कारण छात्र पानी में आगे बह गया।

घटना की सूचना प्राप्त होते ही SDRF पोस्ट ढालवाला से रेस्क्यू टीम तत्काल घटनास्थल पर पहुँची। SDRF के डीप डाइवर्स द्वारा गंगा नदी में सघन सर्च ऑपरेशन चलाया गया। काफी खोजबीन के बावजूद लापता छात्र का कोई सुराग नहीं मिल पाया।

अंधेरा होने एवं रात्रि के समय सर्च ऑपरेशन जारी रखने में आ रही कठिनाइयों के दृष्टिगत अभियान को फिलहाल रोक दिया गया है। लापता छात्र की तलाश हेतु कल पुनः सर्च ऑपरेशन चलाया जाएगा।

घटना के संबंध में छात्र के परिजनों को थाना लक्ष्मणझूला पुलिस द्वारा सूचित कर दिया गया है। घटनास्थल पर लक्ष्मणझूला पुलिस एवं जल पुलिस की टीमें भी मौजूद रहीं।

SDRF द्वारा लापता छात्र की तलाश हेतु लगातार हरसंभव प्रयास किए जा रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *