देहरादून/उत्तरकाशी
शनिवार को जिलाधिकारी प्रशांत आर्य ने गंगा मंदिर झूला पुल के समीप विभिन्न मांगों को लेकर धरना-प्रदर्शन कर रहे ग्राम मस्ताड़ी एवं बाड़ागड़ी क्षेत्र के ग्रामीणों के बीच पहुंचे। जिलाधिकारी ने ग्रामीणों से सीधे वार्ता कर उनकी समस्याओं एवं मांगों को गंभीरता से सुना। ग्रामीणों की ओर से सौंपे गए प्रत्यावेदन पर जिलाधिकारी ने संबंधित मांगों पर नियमानुसार एवं समयबद्ध कार्रवाई का भरोसा दिलाया। इसके बाद ग्रामीणों ने अपना धरना-प्रदर्शन समाप्त कर दिया।

वार्ता के दौरान इंद्रावती नदी पर बाढ़ सुरक्षा कार्य, इंद्रावती मोक्ष घाट एवं स्नान घाट से संबंधित कार्यों की स्वीकृति के लिए आवश्यक प्रयास किए जाने पर सहमति बनी। इस कार्य में मस्ताड़ी के पूर्व प्रधान सत्यनारायण सिंह सेमवाल प्रशासन को आवश्यक सहयोग प्रदान करेंगे। हरि महाराज स्नान घाट के निर्माण के लिए सिंचाई विभाग को एस्टीमेट उपलब्ध कराने के निर्देश दिए जाएंगे। ग्राम मस्ताड़ी के विस्थापन से जुड़े विषय पर ग्राम स्तर पर बैठक आयोजित कर चर्चा की जाएगी।
इसके अतिरिक्त अठाली-चामकोट-दिलसौड़ मोटर मार्ग के डामरीकरण से जुड़े विषय पर भी ग्रामीणों के साथ विस्तार से चर्चा की गई। जिलाधिकारी ने कहा कि ग्रामीणों की समस्याओं का समाधान प्रशासन की प्राथमिकता है। सभी मांगों पर नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। जिलाधिकारी के संबंधित विषयों पर आश्वासन के बाद ग्रामीणों ने धरना-प्रदर्शन समाप्त कर दिया।
इस दौरान पुलिस अधीक्षक कमलेश उपाध्याय, उपजिलाधिकारी शालिनी नेगी, पुलिस उपाधीक्षक जगदीश पंत सहित अन्य अधिकारी और ग्रामवासी उपस्थित रहे।