सीएम धामी को ज्ञापन भेज कारगिल शहीद भगत सिंह नेगी के नाम पर केंद्रीय विद्यालय और नगर का मुख्य द्वार हो

देहरादून/नरेंद्रनगर

कारगिल युद्ध में अपने प्राणों की आहुति देने वाले अमर शहीद भगत सिंह नेगी की स्मृति को अमर बनाने की मांग एक बार फिर तेज हो गई है। नगर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष सूरत सिंह आर्य के नेतृत्व में नगर के क्षेत्रीय लोगों ने उपजिलाधिकारी नरेंद्रनगर के माध्यम से मुख्यमंत्री को ज्ञापन भेजा।

ज्ञापन के माध्यम से सुरत सिंह आर्य ने अवगत कराया कि नरेंद्रनगर में वर्तमान में संचालित केंद्रीय विद्यालय पहले राजकीय इंटर कॉलेज बालक के भवन में चलता था और अब इसे स्वर्गीय ठाकुर किशोर सिंह बालिका इंटर कॉलेज परिसर में स्थानांतरित किया गया है। यह विद्यालय क्षेत्र के वीर सपूत कारगिल शहीद भगत सिंह नेगी की स्मृतियों से जुड़ा हुआ है। इसलिए नवस्थापित केंद्रीय विद्यालय का नामकरण शहीद भगत सिंह नेगी के नाम पर किया जाए।

इसके साथ ही नगर के मुख्य प्रवेश द्वार का नाम भी शहीद भगत सिंह नेगी के नाम पर रखा जाए और वहां एक भव्य द्वार का निर्माण किया जाए। उन्होंने बताया कि शहीद भगत सिंह नेगी नरेंद्रनगर के निवासी थे और उनका परिवार आज भी नगर में निवास करता है।

उनके सर्वोच्च बलिदान को सम्मान देने के लिए यह कदम आवश्यक है। कहा कि शहीद के नाम पर विद्यालय और द्वार का नामकरण होने से आने वाली पीढ़ियों को देशभक्ति और राष्ट्रसेवा की प्रेरणा मिलेगी।ज्ञापन देने वालों में पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष राजेंद्र सिंह राणा, राजेंद्र सिंह गुसाई, वरिष्ठ पत्रकार अखिलेश नंदा आदि मौजूद थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *