देहरादून
देहरादून-दिल्ली एक्सप्रेसवे पर मोहब्बेवाला के पास बुधवार शाम एक बार फिर भीषण सड़क हादसा हो गया। यूरिया से भरे कट्टों से लदा एक ट्रक अनियंत्रित होकर आई-20 कार के ऊपर पलट गया।
हादसे में कार सवार एक परिवार के तीन सदस्यों और चालक समेत चार लोगों की मौत हो गई, जबकि छह वर्षीय बच्चा घायल हो गया। बच्चे को सुरक्षित बाहर निकालकर उपचार के लिए भेजा गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, हादसा बुधवार शाम मोहब्बेवाला क्षेत्र में हुआ। ट्रक अनियंत्रित होकर आई-20 कार पर पलट गया। ट्रक के नीचे कार पूरी तरह दब गई और उसमें सवार लोग अंदर ही फंस गए।
हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस, एसडीआरएफ और अन्य बचाव दल मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया।
कार बुरी तरह पिचक जाने के कारण उसमें फंसे लोगों को बाहर निकालना बेहद मुश्किल भरा काम हो गया था परन्तु बचाव दल ने कटर की मदद से कार को काटकर अंदर फंसे लोगों को बाहर निकाला। ट्रक पर यूरिया के कट्टे लदे होने के कारण उसे हटाने में भी काफी मशक्कत करनी पड़ी। बताया गया कि क्रेन से भी ट्रक को हटाने में परेशानी आई।
हादसे में निम्न चार लोगों की मौत हुई है। पुलिस की जानकारी के अनुसार हादसे में जान गंवाने वालों की पहचान इस प्रकार हुई है….
मिश्रेष कपूर (38 वर्ष) – मृतक
निशा आनंद कपूर (38 वर्ष) – मृतक, पत्नी
किरण कपूर (63 वर्ष) – मृतक, मां
नीरज – मृतक, चालक
वहीं, छह वर्षीय माहेर कपूर हादसे में घायल हुआ है। उसे कटर से काटकर सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, कपूर परिवार मूल रूप से सहारनपुर का रहने वाला था और उनका घर देहरादून में भी है। परिवार सहारनपुर से देहरादून आ रहा था, तभी मोहब्बेवाला के पास यह दर्दनाक हादसा हो गया।
हादसे के बाद देहरादून-दिल्ली एक्सप्रेसवे पर यातायात पूरी तरह प्रभावित हो गया। सड़क के दोनों ओर कई किलोमीटर तक वाहनों की कतारें लग गईं। फायर,SDRF और पुलिस की राहत-बचाव टीमों ने दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को हटाने के साथ यातायात सुचारू कराने का प्रयास किया। हादसे के बाद काफी देर तक क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल रहा।