देहरादून
बृहस्पतिवार की प्रातः कंट्रोल रूम के माध्यम से थाना क्लेमेनटाउन को सूचना प्राप्त हुई कि आरटीओ चैकपोस्ट से डेढ़ सौ मीटर पहले एक कंटेनर ट्रक पलटा हुआ है तथा उसके नीचे एक व्यक्ति दबा हुआ है।
सूचना पर चौकी आशारोड़ी से पुलिस बल तत्काल मौके पर पहुँचा, मौके पर एक कंटेनर ट्रक संख्या HR69F9351 रोड किनारे पलटा हुआ था, जिसके नीचे एक व्यक्ति दबा हुआ था, मौके पर NHAI का काम कर रहे दो हाइड्रा क्रेन को बुलाकर ट्रक को सीधा करवाया गया, दुर्घटना में ट्रक के नीचे दबे हुए व्यक्ति की दबने के कारण मृत्यु हो चुकी थी।
मृतक की पहचान महेश पुत्र रामदीन निवासी ग्राम नंदूपुर थाना कमासिन जिला बांदा उत्तर प्रदेश उम्र 19 वर्ष के रूप में हुई, दुर्घटना के संबंध में जानकारी करने पर ज्ञात हुआ कि मृतक मजदूरी का कार्य करता था, आज प्रातः रोड साफ करने वाले कंप्रेसर से रोड की सफाई का कार्य करने के दौरान सहारनपुर की ओर से आ रहा कंटेनर ट्रक अनियंत्रित होकर मृतक के ऊपर पलट गया था, जिस कारण उसकी मृत्यु हो गई। पुलिस द्वारा मृतक के शव को एंबुलेंस से कोरोनेशन अस्पताल भिजवाया गया, मृतक के परिजनों को घटना के संबंध में सूचना दे दी गई है।
मृतक के परिजनों के आने पर अग्रिम कार्रवाई की जाएगी। पुलिस द्वारा ट्रक को कब्जे में लेकर सुरक्षा की दृष्टि से चौकी आशारोड़ी पर खड़ा किया गया है, ट्रक चालक की तलाश की जा रही है। घटना के संबंध में अग्रिम कार्रवाई प्रचलित है।