देहरादून/ मुनिकीरेती
नगर पालिका परिषद मुनिकीरेती-ढालवाला क्षेत्र की समस्याओं के त्वरित निस्तारण और आगामी धार्मिक आयोजनों की तैयारियों को लेकर मंगलवार को पालिका सभागार में पालिकाध्यक्ष नीलम बिजल्वाण की अध्यक्षता में बोर्ड बैठक आयोजन किया गया।
इस दौरान अधिशासी अधिकारी बद्री प्रसाद भट्ट के साथ सभी सभासद और जल संस्थान, पेयजल निगम, सिंचाई विभाग, पुलिस विभाग व विद्युत विभाग के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद थे।
बैठक की शुरुआत में अप्रैल से जून माह तक के आय-व्यय के अनुमोदन पर विस्तार से चर्चा हुई। इसके बाद पालिकाध्यक्ष ने आगामी कांवड़ मेला और कुंभ मेले को लेकर विभागों से तैयारियों की रिपोर्ट मांगी। कहा कि श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है।
बरसात के मौसम को देखते हुए संभावित क्षति से बचाव के उपायों, नगर क्षेत्र में चल रहे विकास कार्यों और लघु निर्माण कार्यों की दरों में आ रहे विचलनों पर भी गहन विचार-विमर्श किया गया।
पेयजल निगम के सामने कई सभासदों ने क्षेत्र में पेयजल लाइन न बिछने की शिकायत की।
वार्ड 02 के सभासद विनोद खंडूडी ने एसएसबी कैंप के पास, वार्ड 03 के सचिन रस्तोगी ने गली नंबर 17 में और वार्ड 04 के ब्रिजेश गिरी ने गली नंबर 2, 12, 13 व 17 में पेयजल लाइन न बिछाए जाने पर नाराजगी जताई।
इस पर सहायक अभियंता भूषण सिंह ने बताया कि शीशम झाड़ी क्षेत्र में 70 प्रतिशत से अधिक पेयजल लाइन बिछाने का कार्य पूरा हो चुका है। शेष कार्य की स्वीकृति के लिए शासन को प्रस्ताव भेजा जा चुका है।
सिंचाई विभाग के अधिकारियों के समक्ष वार्ड 07 के सभासद गजेंद्र सजवाण ने कहा कि विभाग द्वारा बनाए गए अधिकांश नालों के जाले टूट गए हैं या मुड़ गए हैं, जिससे दुर्घटना का खतरा बना हुआ है।
वार्ड 10 के विनोद सकलानी ने श्रीदेव सुमन मार्ग ढालवाला में क्षतिग्रस्त जालों के कारण नालों में मलबा भरने और रिलायंस पेट्रोल पंप के पास जलभराव की समस्या बताई।
वार्ड 03 के सचिन रस्तोगी और वार्ड 04 के ब्रिजेश गिरी ने ढालवाला से चंद्रभागा आने वाले नाले के निकासी मुंह को चौड़ा करने की मांग की, ताकि बरसात में शीशम झाड़ी में जलभराव न हो।
इस पर पालिकाध्यक्ष ने सिंचाई विभाग को तुरंत जालों की मरम्मत और नालों की सफाई का प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिए।
बैठक में पुलिस विभाग के सामने सुरक्षा सबसे बड़ा मुद्दा रहा। पालिकाध्यक्ष नीलम बिजल्वाण ने कहा कि नगर में पुलिस गश्त नियमित नहीं हो रही है, जिससे आस्था पथ और अन्य क्षेत्रों में चोरी की घटनाएं बढ़ रही हैं। उन्होंने संवेदनशील स्थानों पर रात्रि गश्त बढ़ाने और नगर की सुरक्षा के लिए पालिका द्वारा सीसीटीवी कैमरे लगवाने की बात भी कही।
वार्ड 03 के सचिन रस्तोगी ने नाले वाली रोड पर रात में नशेड़ियों के जमावड़े की शिकायत की। वार्ड 04 के ब्रिजेश गिरी ने आस्था पथ पुलिस बूथ में पर्याप्त कर्मियों की मांग की।
वार्ड 07 के गजेंद्र सजवाण ने बाहरी वाहनों के आवासीय क्षेत्रों में प्रवेश और पटाखा साइलेंसर वाली बाइकों पर रोक लगाने के साथ ही 14 बीघा पुल और मंडी में अवैध ठेलियों पर कार्यवाही की मांग की।
वार्ड 08 की स्वाति पोखरियाल ने आनंद विहार पुलिस बूथ में तैनाती न होने से जाल चोरी की घटनाएं बढ़ने की बात कही। वहीं वार्ड 10 के विनोद सकलानी ने बाहरी लोगों और फेरी वालों के सत्यापन की मांग की।
विद्युत विभाग से वार्ड 03 के सचिन रस्तोगी ने स्मार्ट मीटर लगाने को लेकर लोगों में जागरूकता फैलाने को कहा।
वार्ड 10 के विनोद सकलानी ने श्रीदेव सुमन मार्ग और बहुगुणा मार्ग में हाई वोल्टेज के कारण पंखे, टीवी और फ्रिज फुंकने की समस्या उठाई।
इस पर अवर अभियंता देवेश अवस्थी ने बताया कि सभी लाइनों को अंडरग्राउंड किया जा रहा है और खुली जगहों पर रखे ट्रांसफार्मरों को जल्द शिफ्ट किया जाएगा। उन्होंने सभी सभासदों से इस कार्य में सहयोग की अपील की।
बैठक में सभासदों द्वारा क्षेत्र के विकास के लिए कई ठोस प्रस्ताव रखे गए। जिसमें वार्ड 02 विनोद खंडूडी ने आस्था पथ का क्षतिग्रस्त शौचालय तुरंत बंद करने, वार्ड 03 सचिन रस्तोगी ने डॉ. पुंडीर से जेठुडी के घर तक नाली निर्माण, गली 4 व 5 का निर्माण करने, वार्ड 04 ब्रिजेश गिरी ने शीशम झाड़ी में नई कूड़ा गाड़ी और पालिका में सुरक्षा गार्ड की तैनाती करने, वार्ड 05 लक्ष्मण भंडारी ने ऋषिकेश-मुनिकीरेती सीमा विवाद का शीघ्र निस्तारण करने, वार्ड 06 बबीता रमोला ने निराश्रित पशुओं को पकड़कर गौशाला भेजे जाने, वार्ड 07 गजेंद्र सजवाण ने 14 बीघा पुल पर सुंदरता के लिए फेंसिंग, पुल से भैरो मंदिर तक पार्किंग, कंडारी कॉम्प्लेक्स पर वाटर कूलर और राज्य आंदोलनकारियों के लिए स्थान चिन्हित करना का प्रस्ताव रखा।
बैठक में पालिकाध्यक्ष ने सभी विभागों को बैठक में उठाए गए बिंदुओं पर समयबद्ध तरीके से कार्यवाही करने व रिपोर्ट उपलब्ध कराने के निर्देश दिए , ताकि आमजन को राहत मिल सके। बैठक में सभासद मीनू गोडियाल, विनोद खंडूडी, सचिन रस्तोगी, ब्रिजेश गिरी, लक्ष्मण भंडारी, बबीता रमोला, गजेंद्र सिंह सजवाण, स्वाति पोखरियाल, रेखा पैन्यूली, विनोद सकलानी, निशा नेगी सहित पेयजल निगम के भूषण सिंह, सिंचाई के दर्मियान सिंह असवाल, विद्युत के देवेश अवस्थी, पुलिस उपनिरीक्षक राजेंद्र सिंह रावत, जल संस्थान के प्रमोद हटवाल सहित अन्य अधिकारी-कर्मचारी मौजूद थे।