देहरादून
कांग्रेस की प्रदेश प्रभारी कुमारी शैलजा ने कहा कि राहुल गांधी जब युवाओं की आवाज उठाते हैं तब व्यवधान पैदा किया जाता है।
एक स्थानीय होटल में आयोजित पत्रकार वार्ता के दौरान कुमारी शैलजा ने राहुल गांधी के कार्यक्रम छात्रों की गूंज को सफल बनाने के लिए युवाओं, छात्रों और आम जनमानस को धन्यवाद कहा।

उन्होंने कांग्रेस कार्यकर्ता अमर मेहता को श्रद्धांजलि अर्पित की। कहा युवाओं की आवाज आज देशभर में गूंज रही है। कांग्रेस की संकल्प परिवर्तन यात्रा में कांग्रेस के साथी लोगों से मिल रहे हैं और चर्चा कर जन-जन को जागरूक कर रहे हैं। आने वाले वक्त में प्रियंका गांधी और अन्य कांग्रेसी नेताओं के प्रोग्राम भी आयोजित किए जाएंगे।
उन्होंने कहा कि पेपर लीक छात्रों के भविष्य के साथ खिलवाड़ है। राम मंदिर, बद्रीनाथ मंदिर और केदारनाथ आदि मंदिरों में चढ़ावा चोरी लोगों की आस्था के साथ खिलवाड़ है।
इस मौके पर प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने कहा कि चुनाव चाहे जब हों, चुनाव के लिए कांग्रेस भी तैयार है और लोग भी तैयार हैं। एसआईआर की प्रक्रिया पर कांग्रेस पैनी नजर रखे हुए है। कांग्रेस की टीमें यह देख रही हैं कि जो मतदाता बनने योग्य है वह छूटे नहीं और जो इस योग्य नहीं है वह मतदाता बने नहीं।
इस मौके पर नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य के साथ ही डॉ.हरक सिंह रावत, प्रीतम सिंह, भुवन कापड़ी, करन माहरा, सुरेंद्र शर्मा आदि मौजूद रहे।