देहरादून/नैनीताल
उत्तराखंड के नैनीताल जिले के रामनगर से एक बेहद हैरान और चौकाने वाला मामला सामने आया है। यहां के सरकारी अस्पताल में उस वक्त हड़कंप मच गया और लोग दंग रह गए, जब एक युवक कोबरा सांप के काटने के बाद अपना इलाज कराने अस्पताल पहुंचा। चौकाने वाली बात यह थी कि युवक अपने साथ कोई मामूली सामान नहीं, बल्कि उसी खूंखार और जहरीले जिंदा कोबरा सांप को एक डिब्बे में बंद करके लाया था, जिसने कुछ ही देर पहले उसे काटा था।
युवक को हाथ में कोबरा बंद डिब्बा लेकर ‘रामदत्त संयुक्त चिकित्सालय’ में दाखिल होते देख वहां मौजूद मरीजों, उनके परिजनों और मेडिकल स्टाफ के हाथ-पांव फूल गए। हालांकि, डॉक्टरों ने तुरंत हिम्मत दिखाते हुए युवक का आपातकालीन उपचार शुरू कर दिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, पीड़ित युवक का नाम अरुण कुमार है, जो मूल रूप से उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद जिले का रहने वाला है।
अरुण पिछले लगभग 4-5 वर्षों से रामनगर के बेड़ाझाल क्षेत्र में अपनी पत्नी के साथ किराए के मकान में रह रहा है। वह पेशे से टाइल्स लगाने का काम करता है, लेकिन सामाजिक सरोकार और जीव-दया के कारण वह पिछले काफी समय से क्षेत्र में सांपों का रेस्क्यू (बचाव) भी करता आ रहा है।