देहरादून
बुधवार को संस्कृति विभाग सभागार, देहरादून में रचनात्मक कांग्रेस उत्तराखंड एवं उत्तराखंड के जन संगठनों इंसानियत मंच और महिला मंच की साझा पहल के तहत ‘उत्तराखंड जन संवाद 2026’ का आयोजन किया गया।

यह एक दिवसीय कार्यक्रम उत्तराखंड के सामने मौजूद महत्वपूर्ण सामाजिक, आर्थिक, पर्यावरणीय एवं संवैधानिक मुद्दों पर संवाद और विचार-विमर्श के लिए आयोजित किया गया, जिसमें सामाजिक कार्यकर्ताओं, विषय विशेषज्ञों, नागरिक समाज के प्रतिनिधियों तथा राजनीतिक एवं सामाजिक क्षेत्र से जुड़े लोगों ने भाग लिया।
‘जन संवाद’ का उद्देश्य संवैधानिक मूल्यों, सामाजिक न्याय, पर्यावरण संरक्षण तथा आम जनता से जुड़े सरोकारों पर सार्थक संवाद के लिए एक साझा मंच उपलब्ध कराना है।
रचनात्मक कांग्रेस एक स्वतंत्र संवाद मंच के रूप में भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस की विचारधारा और संवैधानिक मूल्यों से प्रेरित होकर ऐसे प्रगतिशील नागरिकों, सामाजिक संगठनों, बुद्धिजीवियों, कार्यकर्ताओं, युवाओं एवं महिलाओं को जोड़ने का प्रयास कर रही है, जो संविधान, समानता, न्याय, स्वतंत्रता और बंधुत्व के मूल्यों के प्रति प्रतिबद्ध हैं।
जन संवाद कार्यक्रम की प्रमुख बातें
कार्यक्रम की शुरुआत स्वागत, जनगीत तथा रचनात्मक कांग्रेस (RC) के परिचय के साथ हुई। रचनात्मक कांग्रेस के चेयरपर्सन संदीप दीक्षित ने कार्यक्रम की भूमिका एवं उद्देश्यों पर प्रकाश डाला।
पहले सत्र में सामाजिक कार्यकर्ताओं की भागीदारी के साथ निम्नलिखित महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा हुई….
आर्थिक विकास: पर्वतीय एवं मैदानी कृषि, आजीविका, बेरोजगारी और पलायन।
पर्यावरण: जलवायु परिवर्तन, आधारभूत ढांचे से पड़ने वाला प्रभाव, अति-पर्यटन एवं अनियोजित शहरीकरण।
भू-कानून: भू-कानून से जुड़े विषय एवं जनता के सरोकार।
सामाजिक हिंसा: महिलाओं, दलितों, अल्पसंख्यकों एवं ट्रांसजेंडर समुदाय के खिलाफ हिंसा तथा इसमें मीडिया की भूमिका।
संवैधानिक एवं शासन से जुड़े मुद्दे: समान नागरिक संहिता (UCC), धर्मनिरपेक्षता, पाँचवीं अनुसूची, पंचायती राज संस्थाएं/जीपीडीपी, जवाबदेही एवं पारदर्शिता।
दूसरे सत्र में अनुभवी सामाजिक कार्यकर्ताओं एवं विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े लोगों ने अपने अनुभव साझा किए। इसमें अल्पसंख्यकों, दलितों, महिलाओं, पर्यावरण, घरेलू कामगारों तथा उनसे जुड़े विभिन्न मुद्दों पर संक्षिप्त वक्तव्य एवं विचार रखे गए।
कार्यक्रम की शुरुआत शुभम कुकरेती की रैप प्रस्तुति से हुई। सत्र का संचालन रवि चोपड़ा ने किया।
कार्यक्रम के समापन अवसर पर संदीप दीक्षित, चेयरपर्सन–रचनात्मक कांग्रेस, तथा भुवन पाठक, सारथी–उत्तराखंड (प्रभारी) ने जन संवाद के निष्कर्षों और आगे की कार्ययोजना पर विचार साझा किए।
संदीप दीक्षित ने रचनात्मक कांग्रेस को एक ऐसे मंच के रूप में रेखांकित किया जो पारंपरिक राजनीतिक विमर्श से आगे बढ़कर रचनात्मक संवाद को महत्व देता है। उन्होंने कहा कि जमीनी स्तर के अनुभवों और सामाजिक सरोकारों को निरंतर संवाद का हिस्सा बनाकर लोकतांत्रिक मूल्यों को और मजबूत किया जा सकता है।
‘उत्तराखंड जन संवाद 2026’ इसी क्रम में 28 सितंबर 2026 को रुद्रपुर में आयोजित संवाद के बाद आयोजित दूसरा महत्वपूर्ण कार्यक्रम है। इन दोनों कार्यक्रमों के माध्यम से रचनात्मक कांग्रेस उत्तराखंड में जल, जंगल, जमीन, आजीविका, पलायन, सामाजिक न्याय, पर्यावरण संरक्षण एवं जवाबदेह शासन जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों पर साझा मंच तैयार करने के अपने प्रयास को आगे बढ़ा रही है।