देहरादून
सीएम धामी तथा आपदा प्रबंधन एवं पुनर्वास मंत्री मदन कौशिक के निर्देश पर उत्तराखण्ड में शीतलहर की संभावित परिस्थितियों को देखते हुए उत्तराखण्ड राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण ने सभी जनपदों को व्यापक तैयारियां सुनिश्चित करने के लिए विस्तृत दिशा-निर्देश जारी किए हैं।
सचिव आपदा प्रबंधन एवं पुनर्वास विनोद कुमार सुमन ने बताया कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी तथा आपदा प्रबंधन एवं पुनर्वास मंत्री मदन कौशिक द्वारा शीतलहर के दौरान जनसुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए संबंधित विभागों के बीच प्रभावी समन्वय स्थापित करने तथा आवश्यक सेवाओं की निरंतरता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
सचिव सुमन ने बताया कि सभी जनपदों कोल्ड वेव एक्शन प्लान को अपडेट रखने तथा विभागों की जिम्मेदारियां स्पष्ट रूप से निर्धारित करने को कहा गया है। जनपद, तहसील, विकासखंड एवं ग्राम स्तर पर त्वरित प्रतिक्रिया दलों को सक्रिय रखने के निर्देश दिए गए हैं। शीतलहर से संबंधित कार्यों के लिए सभी संबंधित विभागों में नोडल अधिकारी नामित किए जाएंगे। उनके नाम, पदनाम एवं मोबाइल नंबर जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र तथा राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र को उपलब्ध कराते हुए आपसी समन्वय सुनिश्चित किया जाएगा।
शीतलहर के दौरान जिला आपातकालीन परिचालन केंद्रों को सक्रिय एवं सतर्क रखा जाएगा। मौसम संबंधी चेतावनियों, सड़क एवं यातायात की स्थिति, विद्युत एवं पेयजल आपूर्ति, स्वास्थ्य संबंधी घटनाओं तथा बेघर एवं निराश्रित लोगों की स्थिति की नियमित निगरानी कर आवश्यक सूचना संबंधित अधिकारियों तक तत्काल पहुंचाई जाएगी।
सचिव सुमन ने बताया कि भारत मौसम विज्ञान विभाग द्वारा जारी मौसम पूर्वानुमान एवं शीतलहर संबंधी चेतावनियों को जिला स्तर से तहसील, विकासखंड, नगर निकाय, ग्राम पंचायत एवं संबंधित विभागों तक समयबद्ध रूप से पहुंचाया जाएगा।
*शीतलहर एवं पाला प्रभावित क्षेत्रों का चिन्हीकरण*
जनपदों में पूर्व से शीतलहर, पाला, बर्फबारी एवं अत्यधिक कम तापमान से प्रभावित क्षेत्रों को चिन्हित करने के निर्देश दिए गए हैं। विशेष रूप से उच्च हिमालयी, दुर्गम, दूरस्थ तथा सड़क संपर्क से प्रभावित क्षेत्रों की पहचान कर वहां जनजीवन एवं आवश्यक सेवाओं पर पड़ने वाले संभावित प्रभावों को ध्यान में रखते हुए तैयारी की जाएगी।
*संवेदनशील एवं जोखिमग्रस्त व्यक्तियों की पहचान*
बुजुर्ग एवं अकेले रहने वाले व्यक्ति, नवजात एवं छोटे बच्चे, गर्भवती महिलाएं, दिव्यांगजन, गंभीर रोगों से ग्रसित व्यक्ति, खुले में रहने वाले श्रमिक, बेघर एवं निराश्रित व्यक्ति, सड़क किनारे रहने वाले लोग तथा अत्यंत गरीब एवं कमजोर परिवारों की पहचान एवं निगरानी सुनिश्चित की जाएगी। आवश्यकता के अनुसार उन्हें गर्म कपड़े, कंबल, आश्रय, भोजन एवं अन्य आवश्यक सहायता उपलब्ध कराई जाएगी। गर्भवती महिलाओं का डाटाबेस भी बनाने को कहा गया है।
*आश्रय एवं रैन बसेरों की व्यवस्था*
शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में आवश्यकता के अनुसार रैन बसेरों एवं अस्थायी आश्रय स्थलों की व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी। इन स्थानों पर हीटर, गर्म पानी, प्रकाश, पेयजल, शौचालय, स्वच्छता एवं प्राथमिक उपचार जैसी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। बेघर एवं खुले में रहने वाले व्यक्तियों को सुरक्षित एवं गर्म आश्रय उपलब्ध कराने की व्यवस्था की जाएगी।
*अलाव की समुचित व्यवस्था*
अत्यधिक ठंड वाले क्षेत्रों में सार्वजनिक स्थानों, बाजारों, बस अड्डों, रेलवे/यात्री स्थलों, अस्पतालों, श्रमिक बाहुल्य क्षेत्रों तथा अन्य आवश्यक स्थानों पर स्थानीय परिस्थितियों के अनुसार अलाव की व्यवस्था की जाएगी। इसके लिए पर्याप्त ईंधन उपलब्ध रखने तथा अलाव के सुरक्षित संचालन की निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
*स्वास्थ्य विभाग को विशेष तैयारी के निर्देश*
जिला चिकित्सालयों, उप जिला चिकित्सालयों, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों एवं प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों को शीतलहर के दृष्टिगत आवश्यक रूप से तैयार रखने के निर्देश दिए गए हैं। आवश्यक दवाओं का पर्याप्त भंडारण, चिकित्सा दलों एवं एम्बुलेंस की उपलब्धता तथा मोबाइल चिकित्सा दलों की तैयारी सुनिश्चित की जाएगी। हाइपोथर्मिया एवं फ्रॉस्टबाइट के संभावित मामलों की पहचान और त्वरित उपचार पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।
*सड़क एवं यातायात व्यवस्था पर विशेष ध्यान*
शीतलहर, पाला एवं बर्फबारी से प्रभावित होने वाली सड़कों का पूर्व चिन्हीकरण कर आवश्यक मशीनरी एवं उपकरण तैयार रखने के निर्देश दिए गए हैं। सड़क खोलने वाली मशीनरी की उपलब्धता सुनिश्चित करने, पाला एवं बर्फ से प्रभावित स्थानों पर चेतावनी संकेतक एवं रिफ्लेक्टर लगाने तथा संवेदनशील मार्गों की नियमित निगरानी के निर्देश दिए गए हैं। सड़क अवरुद्ध होने की स्थिति में त्वरित कार्रवाई के साथ आवश्यक मशीनरी एवं संसाधनों की अग्रिम तैनाती की जाएगी। बर्फबारी प्रभावित मार्गों पर भारी वाहनों एवं मशीनरी की आवाजाही के लिए आवश्यक व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी। पालाग्रस्त क्षेत्रों में सड़कों पर चूने तथा नमक का नियमित तौर पर छिड़काव करने को कहा गया है।
*खाद्य, ईंधन एवं आवश्यक वस्तुओं की पर्याप्त उपलब्धता*
शीतलहर एवं संभावित बर्फबारी के दौरान दूरस्थ, उच्च हिमालयी तथा सड़क संपर्क से कटने वाले क्षेत्रों में खाद्य सामग्री, ईंधन एवं अन्य आवश्यक वस्तुओं की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। जिन क्षेत्रों में बर्फबारी के कारण आवागमन बाधित होने की संभावना रहती है, वहां मार्च माह तक आवश्यक खाद्यान्न, डीजल, पेट्रोल, गैस सिलेंडर तथा दैनिक उपयोग की अन्य आवश्यक वस्तुओं का पर्याप्त भंडारण पूर्व में ही सुनिश्चित किया जाए, ताकि बर्फबारी अथवा मार्ग अवरुद्ध होने की स्थिति में स्थानीय जनमानस को आवश्यक वस्तुओं की कमी का सामना न करना पड़े।