भाजपा सरकार के खिलाफ कांग्रेस का हस्ताक्षर अभियान 26 नवंबर को होगा संपन्न, राज्यपाल को सौंपे जाएंगे हस्ताक्षरयुक्त दस्तावेज, गोदियाल एवं शैलजा के नेतृत्व में कांग्रेस निकालेगी विशाल रैली – Indian Today 24×7

भाजपा सरकार के खिलाफ कांग्रेस का हस्ताक्षर अभियान 26 नवंबर को होगा संपन्न, राज्यपाल को सौंपे जाएंगे हस्ताक्षरयुक्त दस्तावेज, गोदियाल एवं शैलजा के नेतृत्व में कांग्रेस निकालेगी विशाल रैली

देहरादून

उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष गणेश गोदियाल के आह्वान पर भाजपा सरकार के मुख्यमंत्री एवं मंत्रियों के कथित भ्रष्टाचार के विरोध में प्रदेशभर में चलाए जा रहे हस्ताक्षर अभियान को अब मंडलम एवं बूथ स्तर तक विस्तारित किया गया है। अभियान को व्यापक जनसमर्थन मिल रहा है तथा इसे 22 नवंबर 2026 तक संचालित किया जाएगा।

जानकारी देते हुए उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महासचिव संगठन राजेंद्र सिंह भंडारी ने बताया कि प्रदेश के समस्त जिला, महानगर एवं ब्लॉक कांग्रेस कमेटियों के अध्यक्षों को निर्देशित किया गया है कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में मंडलम एवं बूथ स्तर तक अभियान चलाते हुए अधिक से अधिक लोगों की सहभागिता सुनिश्चित करें। अभियान के अंतर्गत एकत्रित किए गए हस्ताक्षरयुक्त दस्तावेज एवं बैनर 23 नवंबर 2026 तक प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय, देहरादून में अनिवार्य रूप से जमा कराए जाएं। भंडारी ने बताया कि पूर्व निर्धारित कार्यक्रम में संशोधन करते हुए अब 23 नवंबर के स्थान पर 26 नवंबर 2026 को यह कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।

इस अवसर पर प्रदेशभर के कांग्रेसजन प्रातः 10:00 बजे प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय (कांग्रेस भवन), देहरादून में एकत्रित होंगे। तत्पश्चात प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल, उत्तराखंड कांग्रेस प्रभारी एवं अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी की महासचिव कुमारी शैलजा तथा उत्तराखंड कांग्रेस कमेटी के वरिष्ठ नेताओं के नेतृत्व में विशाल रैली निकाली जाएगी। रैली के माध्यम से भाजपा सरकार के भ्रष्टाचार के विरोध में एकत्रित किए गए हस्ताक्षरयुक्त दस्तावेज महामहिम राज्यपाल को सौंपे जाएंगे।

भंडारी ने प्रदेश के समस्त जिला, महानगर एवं ब्लॉक कांग्रेस कमेटियों के अध्यक्षों, प्रदेश पदाधिकारियों, वरिष्ठ कांग्रेस नेताओं, अग्रिम संगठनों, विभागों, प्रकोष्ठों एवं समस्त कांग्रेस कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे अधिक से अधिक संख्या में 26 नवंबर को प्रातः 10:00 बजे कांग्रेस भवन, देहरादून पहुंचकर इस कार्यक्रम में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करें।

उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार के भ्रष्टाचार के खिलाफ कांग्रेस का यह अभियान जनहित और लोकतांत्रिक जवाबदेही की लड़ाई है। प्रदेशभर के कांग्रेस कार्यकर्ताओं की एकजुटता और सक्रिय भागीदारी से इस अभियान को ऐतिहासिक सफलता दिलाई जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *