देहरादून
उत्तराखंड की सरकारी शिक्षिका सृष्टि कंडारी की संदिग्ध मौत के मामले में बड़ा मोड़ आ गया है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मामले को गम्भीरता से लेते हुए मामले जांच को CBCID को आदेश दे दिए हैं।
मुख्यमंत्री ने देवप्रयाग विधायक विनोद कंडारी के अनुरोध पर तत्काल संज्ञान लेते हुए पत्र पर ही “CBCID जांच” लिखकर जांच के निर्देश जारी किए।
मामले में प्रारंभिक जांच की जिम्मेदारी सीओ डोईवाला वंदना वर्मा को सौंपी गई थी। पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट, फोरेंसिक साक्ष्य, घटनास्थल से मिले सबूत और गवाहों के बयान जुटाने में लगी हुई थी। अब CBCID जांच के आदेश के बाद पूरे मामले की जांच नई एजेंसी द्वारा किए जाने की संभावना बढ़ गई है।
देवप्रयाग विधायक विनोद कंडारी ने मुख्यमंत्री को भेजे पत्र में बताया था कि देवप्रयाग विधानसभा क्षेत्र के ग्राम सिगोली, विकासखंड कीर्तिनगर निवासी सरकारी शिक्षिका सृष्टि कंडारी की 29 जुलाई 2026 को संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई थी, जिसके बाद परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने दहेज मृत्यु का मुकदमा दर्ज किया।
अब स्पष्ट है कि मामले की पूरी विवेचना स्थानीय पुलिस के बजाय CBCID करेगी। फिलहाल इस मामले में जांच की दिशा और आगे की कार्रवाई पर सभी की नजरें टिक रखी हैं।