देहरादून/हरिद्वार
हरिद्वार के झबरेड़ा कोतवाली क्षेत्र के झबरेड़ी कलां गांव में दोहरे हत्याकांड की वारदात से क्षेत्र में सनसनी फैल गई।

पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, एक युवक ने अपनी 23 वर्षीय बहन रूपा और पड़ोसी 20 वर्षीय युवक सूरज उर्फ मुन्ना को गोली मार दी। उपचार के दौरान दोनों की मौत हो गई। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश में पुलिस टीमें दबिश दे रही हैं। पुलिस को प्रारंभिक जांच में घटना के पीछे बहन और पड़ोसी युवक के बीच प्रेम प्रसंग का शक सामने आया है। पुलिस के मुताबिक, झबरेड़ी कलां निवासी अमन पुत्र रामकुमार कश्यप को अपनी बहन रूपा और पड़ोसी युवक सूरज के बीच प्रेम प्रसंग होने का शक था। इसी को लेकर शनिवार को उसने पहले पड़ोसी युवक के घर जाकर उस पर तमंचे से फायर कर गोली चला दी। इसके बाद आरोपी अपने घर पहुंचा और अपनी बहन रूपा पर भी फायरिंग कर गोली दाग दी। गोली लगने से दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। जिसके बाद परिजन उन्हें उपचार के लिए रुड़की के सिविल अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधिकारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे तथा घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए।
पुलिस द्वारा दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। दोहरे हत्याकांड के बाद गांव में तनाव को देखते हुए पुलिस बल तैनात किया गया है। पुलिस आरोपी अमन की तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि हालांकि हत्यारोपी की हत्या करने की मंशा साफ नजर आ रही हे फिर भी पुलिस अन्य ऐंगल्स पर भी काम करेगी।