खुलासा..रायवाला ब्लाइंड मर्डर केस में सगी बेटी ने ही करवाई थी मां की हत्या, दून पुलिस ने 700 CCTV खंगाल दोनों को लिया दबोच

देहरादून

एसएसपी डोभाल के कुशल नेतृत्व में दून पुलिस ने रायवाला क्षेत्र में हुई बुजुर्ग महिला की ब्लाइंड मर्डर मिस्ट्री का सनसनीखेज खुलासा कर दिया।

मृतका की सगी बेटी ने ही पुश्तैनी जमीन के लालच में अपने प्रेमी के साथ मिलकर अपनी मां की हत्या की साजिश रची थी।

पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार बीती 22 सितंबर को संजय पुंडीर निवासी ग्राम काटल रानीपोखरी ने थाना रायवाला में तहरीर दी कि उनकी माता श्रीमती खजानी देवी (65 वर्ष) जो शहीद भगत सिंह कॉलोनी, लाइनपार मोतीचूर में 6 वर्षीय पोती के साथ किराए पर रहती थीं, 21 सितंबर से लापता हैं। रात 10:30 बजे जब परिजनों ने ताला तोड़कर देखा तो बाथरूम में खजानी देवी का शव पड़ा था। हत्या कर बाहर से ताला लगा दिया गया था।

तहरीर पर थाना रायवाला में मु.अ.सं. 158/2026, धारा 103(1) BNS के तहत मुकदमा दर्ज किया और एसएसपी दून ने 6 टीमों का गठन कर खुलासे के निर्देश दिए।

जांच के दौरान FSL टीम ने घटनास्थल से अहम साक्ष्य जुटाए और लगभग 700 CCTV कैमरों की फुटेज और 500 होटल-धर्मशालाओं को खंगाला। जांच में सामने आया कि मृतका का अपनी बेटी शिल्पा थापा (36 वर्ष) से पुश्तैनी जमीन को लेकर विवाद था। शिल्पा का आरोप था कि उसकी मां और भाई संजय पुंडीर ग्राम काटल स्थित कई बीघा पुश्तैनी जमीन बेच रहे हैं और उसे हिस्सा नहीं दे रहे हैं।

इसी दौरान शिल्पा के प्रेमी शिवनारायण पांडे उर्फ सोनू (39 वर्ष) का घटना से पहले मृतका के घर के आसपास देखा जाना प्रकाश में आया। सर्विलांस में दोनों के लगातार संपर्क में होना पाया गया और घटना के बाद से शिवनारायण का फोन बंद मिला।

मुखबिर की सूचना पर 25 सितंबर को पुलिस ने शिवनारायण पांडे उर्फ सोनू पुत्र नरसिंह नारायण पांडे, सम्राट कॉलोनी, करौंदी, भगवानपुर, हरिद्वार वर्ष 39 वर्ष को शांतिकुंज आश्रम हरिद्वार से गिरफ्तार किया। पूछताछ में उसने शिल्पा के कहने पर हत्या करना कबूल किया। उसकी निशानदेही पर 26 सितंबर को शिल्पा थापा पत्नी पंकज थापा, शहीद भगत सिंह कॉलोनी, मोतीचूर, रायवाला – 36 वर्ष को भी गिरफ्तार किया।

पूछताछ में सनसनीखेज खुलासा हुआ कि आरोपी शिवनारायण मूल रूप से करौंदी, भगवानपुर, हरिद्वार का रहने वाला है। उसकी मुलाकात शिल्पा से मार्च 2026 में भूपतवाला, हरिद्वार के एक होटल में हुई थी जहां दोनों साथ काम करते थे। उसने बताया कि शिल्पा ने खजानी देवी को अपनी सौतेली मां बताया। उसने लालच दिया कि मां को रास्ते से हटाने के बाद उसके हिस्से की जमीन बेचकर दोनों नई गृहस्थी बसाएंगे। शिवनारायण लॉकडाउन में 50 लाख के कर्ज में आ गया था, अपना मकान भी बेच चुका था और अभी भी 10 लाख की देनदारी बाकी थी।

19 सितंबर को जब दोनों खजानी देवी से मिलने गए तो उनके प्रेम संबंध को लेकर विवाद हो गया और खजानी देवी ने दोनों को भला-बुरा कहा। इसी का बदला लेने और जमीन के लालच में आकर हत्या की योजना बनाई।

शिल्पा ने बताया था कि उसकी मां सुबह 8 बजे पोती को स्कूल छोड़ने के बाद दोपहर 12:30 बजे तक घर पर अकेली रहती है। योजना के तहत 21 सितंबर को शिवनारायण घर पहुंचा और गला दबाकर खजानी देवी की हत्या कर दी और ताला लगाकर फरार हो गया। हत्या के बाद शिल्पा ही उसे पुलिस की कार्रवाई की जानकारी देती रही और शांतिकुंज में छिपने को कहा।

आपराधिक इतिहास अभियुक्त शिव नारायण पाण्डे

1-मु0अ0सं0 53/2024 धारा 498A/406 IPC थाना हौज खास दिल्ली

2-वाद संख्या 7352/2023 धारा 138 NI Act

पुलिस टीम में उनि मोहन सिंह थानाध्यक्ष रायवाला, वरिष्ठ उनि विनोद कुमार, उनि योगेश खुमरियाल, उनि रघुबीर कप्रवाण (चौकी प्रभारी हरिपुरकलां), हेड कांस्टेबल प्रवीण सिन्धु, कांस्टेबल नन्दकिशोर, अनित कुमार, हंसराज, विकास कुमार, अनिरुद्ध, मुकेश चौहान, धर्मालाल, मोनू मलिक व SOG ऋषिकेश टीम में कांस्टेबल नवनीत नेगी, मनोज कुमार, सोनी कुमार व महिला कांस्टेबल जमुना नेगी शामिल थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *